उद्यमी को मुंह काला कर जूतों की माला पहनाने और धमकी देने का आरोप
जमीन की रंजिश के चलते आरोपियों ने फर्म की ई-मेल पर फर्जी ई-मेल से दी धमकी।
फर्म संचालक के भाई की शिकायत पर दो लोगों पर पुलिस ने किया केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दो लोगों ने प्रहलाद पुरी कॉलोनी निवासी उद्यमी निखिल भाटिया का मुंह काला कर जूतों की माला पहनाने व सुपारी देकर जान से मारने की धमकी दी है। आरोपियों का उद्यमी के साथ जमीन का विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते आरोपियों ने उद्यमी की फर्म पर ई-मेल कर उसे धमकी दी। पुलिस ने उद्यमी निखिल के भाई पंकिल भाटिया की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रहलादपुरी निवासी पंकिल भाटिया ने फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी फर्कपुर थाना क्षेत्र में फर्म है। मॉडल कालोनी निवासी नितिन खन्ना व दीपक खनेजा के साथ उनका लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते आरोपी उनसे रंजिश रखते हैं। नौ अगस्त को उनकी फर्म की ईमेल पर एक ईमेल आई। जिसमें उसके भाई निखिल भाटिया को धमकी दी गई थी कि निखिल के गले में जूतों का हार डाल, उसका मुंह काला कर जुलूस निकालेंगे। वह उसकी सुपारी देकर उन्हें जान से मरवा देंगे। इसके अलावा उन्हें बर्बाद कर देंगे। आरोप है कि यह धमकी नितिन खन्ना व दीपक खनेजा ने जमीन विवाद को लेकर दी। जब से धमकी मिली है तब से उनका परिवार डरा हुआ है और हर कोई खतरा महसूस कर रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने थाना फर्कपुर में दी। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
फर्कपुर थाना प्रभारी दीपचंद का कहना है कि शिकायत के आधार पर नितिन खन्ना व दीपक खनेजा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।