शहर की मॉडल कॉलोनी में युवक महिला ज्वेलर को चकमा देकर सोने के दो पैकेट उड़ा ले गया। इन पैकेट में पांच जोड़ी सोने के टॉप्स व पांच जोड़ी बालियां थी। आरोपी के जाने के बाद महिला ज्वेलर ने जब गहनों की जांच की तो दो पैकेट गायब मिले। उसने जब परिवार की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें आरोपी युवक सोने के गहने चुराता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उसने शिकायत पुलिस को दी । शहर थाना पुलिस ने अज्ञात युवक पर केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मॉडल कॉलोनी निवासी सविता कपूर ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी जैन चक्की के पास रमेश कपूर एंड संस के नाम से सोने चांदी के गहनों की दुकान है। नौ अगस्त को वह दुकान पर बैठी हुई एक ग्राहक को गहने दिखा रही थी। तभी सिर पर काली टॉपी पहने हुए एक युवक आया। युवक ने खुद को पीडब्ल्यूडी का कर्मी बताते हुए सोने के टॉप्स दिखाने को कहा। इसके बाद उसने आरोपी को कई पैकेट टॉप्स व बालियां दिखाई। इस दौरान जब वह कुछ गहने लॉकर में रखने लगी तो आरोपी ने दो पैकेट चुपके से चोरी कर लिए। इसके बाद आरोपी ने उसे 700 रुपये दिए और कहने लगा कि वह थोडी देर में आकर टॉप्स ले जाएगा। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया। जब उसने गहनों की जांच की तो एक पैकेट टॉप्स व एक पैकेट बालियों का गायब मिले। एक पैकेट में पांच सोने के टॉप्स व दूसरे पैकेट में पांच सोने की बालियां थी। इसके बाद उसने इसकी सूचना अपने परिवार सदस्यों को दी। जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो आरोपी युवक गहने चोरी करता हुआ कैद हो गया। जब वह गहने लॉकर में रख रही थी तभी आरोपी ने चोरी को अंजाम दिया। सविता कपूर ने बताया कि चोरी हुए गहनों की कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक थी। उन्होंने इसकी शिकायत शहर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज देखी। इसके बाद पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।