यमुनानगर। उत्तराखंड में सप्लाई देकर ट्रक में करनाल लौट रहे मुर्गा सप्लायर से स्कार्पियो सवार चार बदमाशों ने मारपीट कर ढाई लाख रुपये, 1100 सिंगापुर डॉलर व दस्तावेजों से भरा बैग लूट लिया। मुर्गा सप्लायर ने अपने ट्रक चालक पर लूट में शामिल होने का शक जताया है। पुलिस ने आरोपी चालक को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर लिया है।
करनाल के गांव राहड़ा निवासी नसीब सिंह ने बताया कि वह इलेक्ट्रीशियन है। इसके अलावा वह भांजे के साथ मुर्गा सप्लाई का कार्य भी करता है। 9 नवंबर को वह अपने चालक महावीर कॉलोनी निवासी सुनील कुमार के साथ उत्तराखंड में मुर्गों की सप्लाई लेकर गए थे। वहां से ट्रक खाली कर देर रात वापस करनाल लौट रहे थे। उसके पास मुर्गा सप्लाई के करीब ढाई लाख रुपये थे। वापस लौटते समय चालक सुनील कुमार के पास बार-बार फोन आ रहे थे। जब औरंगाबाद पुल के पास पहुंचे तो चालक ने बिना कुछ बताए सड़क किनारे खड़ी स्कार्पियो के पीछे ट्रक लगा दिया था। इसी दौरान चालक सुनील कुमार ने उससे पेमेंट देने को कहा। तभी स्कार्पियो कार से तीन-चार लोग उतरे और ट्रक के पास आए। फिर उसे ट्रक से नीचे खींचकर मारपीट की।
बदमाशों ने ट्रक के डैशबोर्ड में रखा रुपयों से भरा बैग लूट लिया। बैग में ढाई लाख रुपये, बिल, सिंगापुर के 1100 डालर, चार एटीएम कार्ड, सिंगापुर के बैंक का एक एटीएम कार्ड, आधार, पैन कार्ड व बिल से संबंधित दस्तावेज थे। चारों बदमाश उसे सड़क किनारे धक्का देकर चले गए। बदमाशों ने उसे धमकी दी कि यदि किसी को कुछ बताया तो वे उसे जान से मार देंगे। नसीब सिंह का कहना है कि चालक सुनील कुमार ने ही अपने साथियों को सूचना देकर लूट करवाई है, क्योंकि उसे पता था कि ट्रक में मुर्गा सप्लाई से मिली मोटी रकम रखी है। इस शिकायत पर पुलिस ने चालक सुनील कुमार को नामजद करते हुए चार अन्य पर लूट का केस दर्ज कर लिया है।
वर्जन
नसीब सिंह ने चालक पर लूट करवाने का शक जताया है। मामले में आरोपी चालक को नामजद करते हुए चार अन्य पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
- ओेमप्रकाश, सदर थाना प्रभारी