संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बरसाती पानी की निकासी के लिए कन्हैया साहिब चौक से डिच ड्रेन तक नगर निगम अमरुत स्कीम में स्टॉर्म वाटर पाइप लाइन डाल रहा है। करीब 11.84 करोड़ की लागत से डाली जा रही लाइन का सोमवार देर शाम उपायुक्त गिरीश अरोड़ा व नगर निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर ने जायजा लिया।
यहां बाईपास पुल के नीचे गुलाब नगर के पास प्राइवेट जमीन का विवाद होने के कारण पाइप लाइन डालने का काम रुका था। अधिकारियों ने जमीन की निशानदेही करवाई थी, जिसमें यह जमीन सरकारी निकली। उपायुक्त गिरीश अरोड़ा व निगमायुक्त अजय सिंह तोमर अधिकारियों को जल्द रुका काम शुरू करने के निर्देश दिए। सिके बाद निगम की ओर से स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का काम शुरू किया गया। जल्द ही स्टॉर्म वाटर लाइन का काम पूरा किया जाएगा।
जगाधरी से आ रहा बड़ा नाला बरसाती सीजन में यमुनानगर की शहरी कालोनियों में जलभराव की वजह बनता है। बरसात के दिनों में क्षमता से अधिक पानी आने पर नाले से ओवरफ्लो होकर बाहर गलियों में बहता है। इस दिक्कत को दूर करने के लिए नाले के पानी को बांटने के लिए कन्हैया साहिब चौक से डिच ड्रेन तक नगर निगम अमरुत स्कीम में स्टॉर्म वाटर पाइप लाइन डाल रहा है। ताकि जगाधरी से यमुनानगर में आकर नाले का पानी शहरी कालोनियों की ओर जा रहे नाले के साथ कन्हैया साहिब चौक से डायवर्ट होकर डिच ड्रेन में जा सके। लगभग छह फुट चौड़ी पाइप लाइन डाली जानी है। बाईपास तक पाइप लाइन डालने का काम पूरा किया जा चुका है। बाईपास पुल के नीचे जहां से पाइप लाइन निकाली जानी थी, वहां पर सरकारी जमीन के पास प्राइवेट जमीन थी। कुछ लोगों ने इस जमीन का अपनी बताया था। विवाद उत्पन्न होने पर पाइप लाइन डालने का काम रुक गया था।
उपायुक्त गिरीश अरोड़ा व निगमायुक्त अजय सिंह तोमर ने मामले को संज्ञान में लेते हुए इसकी कुछ दिनों पहले निशानदेही करवाई। इसमें यह जमीन सरकारी निकली। सोमवार देर शाम को उपायुक्त गिरीश अरोड़ा व निगमायुक्त अजय सिंह तोमर, निगम के अधीक्षक अभियंता आनंद स्वरूप, कार्यकारी अभियंता अंकित लोहान, एमई नरेंद्र मलिक व अन्य अधिकारियों के साथ साइट पर पहुंचे। साइट का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द पाइप लाइन डालने के काम को पूरा करने के निर्देश दिए।