भूड़कलां पावर हाउस पर मौके पर पहुंचे आसपास के लोग।
- फोटो : Yamuna Nagar
प्रतापनगर। तीन दिन पहले भूडकलां लिंक नहर में नहाने के लिए उतरे युवक का शव भूडकलां पावर हाउस की जालियों में फंसा हुआ मिला। जबकि गोताखोर राजीव कुमार द्वारा लगातार शव की तलाश की जा रही थी। गोताखोर ने साथियों के साथ नहर में डूबे बॉबी के शव को बाहर निकाल लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
गौरतलब है मंगलवार को प्रतापनगर में फास्ट फूड की दुकान पर काम करने वाले तीन युवक नहर पर नहाने के लिए गए थे। जिनमें से 24 वर्षीय बॉबी पानी में डूब गया था। पिछले दिनों से पुलिस व गोताखोर डूबे युवक की तलाश कर रहे थे। वीरवार को पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक का शव भूडकलां लिंक नहर की जालियों से निकाला। प्रतापनगर थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह ने बताया कि मृतक बॉबी अपने अन्य दोस्तों मुकेश व अरविंद के साथ नहाने के लिए मंडेवाला लिंक नहर पर गया था। जहां नहाने के दौरान नहर में डूबने से उसकी मौत हो गई थी। तीन दिन की मशक्कत के बाद उसके शव का पता चल सका और उसे बाहर निकाला गया।