गोताखोर राजीव कुमार नहर में डूबे युवक की तलाश करते हुए
- फोटो : Yamuna Nagar
नहर में डूबे युवक का दूसरे दिन भी नहीं लगा सुराग
हाइडल लिंक नहर में तीन दोस्त गए थे नहाने, एक युवक डूब गया था
फोटो-32
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। भूड़कला हाइडल लिंक नहर में बहे युवक बॉबी का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। गोताखोर राजीव कुमार ने काफी तलाश की मगर कुछ पता नहीं चल पाया। गोताखोर के मुताबिक लगभग ढाई किलोमीटर तक उसने नहर में डूबे युवक की तलाश की है लेकिन नहर में काफी झाड़ियां होने के चलते कुछ पता नहीं चल पाया है। थाना प्रभारी प्रतापनगर पृथ्वी सिंह ने बताया कि हाइडल लिंक नहर में से विभाग द्वारा पानी भी कम करवाया गया। इसके बाद भी युवक का पता नहीं चल पाया है।
बता दें मंगलवार को बॉबी अपने अन्य दो दोस्त मुकेश और अरविंद के साथ हाइडल लिंक पर नहर में नहाने के लिए गया था। किसी तरह दोनों दोस्त तो बचकर नहर से बाहर आ गए लेकिन बॉबी पानी के तेज बहाव में बह गया। जिसका अभी तक कुछ पता नहीं चला है। तीनों प्रतापनगर में एक फास्ट फूड की दुकान पर नौकरी करते हैं। गर्मी अधिक होने के चलते वे दोपहर के समय नहाने के लिए निकल पड़े। अनजाने में वे हाइडल लिंक नहर भूड़कला में चल रही नहर में पानी के बहाव में कूद पड़े। पानी अधिक होने के चलते दो युवक तो बाहर निकल गए लेकिन एक पानी के बहाव में बह गया जिसका कोई सुराग नहीं लग पाया।