संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सीआईए टू की टीम ने आभूषण बनाने की दुकान से 600 ग्राम सोना लेकर फरार हुए कारीगर चंदन मायती को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। टीम ने उसे वहां के कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। अब आरोपी को यमुनानगर लाकर मामले की गहनता से जांच की जाएगी। आरोपी से कुछ सोना भी बरामद हुआ है।
सीआइए टू के इंचार्ज महरूफ अली ने बताया कि बिलासपुर से 600 ग्राम सोना चोरी करने का मामला पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने उनकी टीम को दिया था। टीम ने पश्चिमी बंगाल के जिला पश्चिमी मोदिनीपुर के गांव जोतमनिराम निवासी चंदन मायती को नार्थ 24 परगना से गिरफ्तार किया, जहां से उसे रिमांड पर लेकर यमुनानगर लाया जा रहा है। आगे की जांच यही पर की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जगाधरी निवासी समरेश बैरा जेवरात बनाने का कार्य करते हैं। उनकी दुकान बिलासपुर में हैं। दुकान पर कार्य करने के लिए दो कारीगर भी रखे हुए हैं। एक कारीगर पश्चिमी बंगाल के जिला पश्चिमी मोदिनीपुर के गांव जोतमनिराम निवासी चंदन मायती था। छह अगस्त को चंदन उनके पास से स्क्रैप, डाई, कटी हुई चेन और 600 ग्राम सोना लेकर गया था, जिसके जेवरात तैयार कर जल्दी आने की बात कही थी।
इसके बाद वह वापस नहीं आया। इस पर समरेश बैरा ने उसके मकान पर जाकर पता किया तो जानकारी मिली कि चंदन अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रात को ही मकान छोड़कर चला गया है। आरोपी एक टैक्सी कर बच्चों सहित पहले अंबाला चला गया। वहां से ट्रेन में बैठकर सोना लेकर पश्चिमी बंगाल के नार्थ परगना चला गया था। इस मामले में बिलासपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था।