हरियाणा में अपनी मांगों के लिए संघर्ष कर रहे रोडवेज कर्मचारी शुक्रवार को आपस में ही भिड़ गए। दोनों पक्षों के दो-दो कर्मियों को चोटें आई हैं। घायलों को भिवानी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झगड़े को शांत कराने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया।
शुक्रवार को ऑल हरियाणा रोडवेज ज्वाइंट एक्शन कमेटी के बैनर तले लंबित मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी नारेबाजी कर रहे थे। इसी बीच हरियाणा रोडवेज संयुक्त संघर्ष समिति के कर्मचारियों और ऑल हरियाणा रोडवेज ज्वाइंट एक्शन कमेटी के कर्मचारियों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया।
दोनों पक्षों में खूब लात घूंसे चले। झगड़े में यूनियन के सूरजमल मंढाणा, कृष्ण यादव, राकेश और इंद्र सिंह को चोटें आईं। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पहले हमला करने का आरोप लगाया है। कर्मचारी नेता अजय शर्मा, प्रदीप शर्मा, राजबीर तालू, घिसूराम ने आरोप लगाया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्वक चल रहा था।
अचानक सर्व कर्मचारी संघ व महासंघ के नेताओं ने महाप्रबंधक के संरक्षण पर उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इसमें डिपो के दो कर्मचारी घायल हो गए। घायल कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, हरियाणा रोडवेज संयुक्त संघर्ष समिति के कर्मचारी नेता ओमप्रकाश ग्रेवाल और राजकुमार दलाल ने बताया कि उनके संगठनों के कर्मचारियों पर ही दूसरे पक्ष ने हमला किया है। उनके कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच की गई जबकि वे निर्दोष हैं।