हरियाणा के लोक निर्माण एवं उद्योग मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने वीरवार को शहर में करीब 13 करोड़ 30 लाख रुपये की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
अंबाला रोड स्थित सेक्टर 21 की बाहरी सीमा पर 1.6 किलोमीटर लंबी सड़क के 2.74 करोड़ रुपये की लागत से पूरा होने वाले कार्य का शिलान्यास अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि कैथल जिले में हरियाणा सरकार की ओर से सड़क तंत्र को मजबूत किया जा रहा है।
इसके बाद सुरजेवाला ने गांव फ्रांसवाला से कुतुबपुर तक के लिंक रोड का निर्माण कार्य प्रारंभ करने के बाद जन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस सड़क मार्ग पर 3.10 किलोमीटर लंबाई की सड़क के निर्माण पर तीन करोड़ 17 लाख 87 हजार रुपये खर्च होंगे।
फ्रांसवाला गांव को सीधे जींद रोड से जोड़ने और इस खनौरी मार्ग को बाईपास के जरिए जींद रोड से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि इस बाईपास के बीच एक चार लेन का अंडर ब्रिज भी निर्माणाधीन है। इसका निर्माण कार्य जनवरी में पूरा होगा।
सुरजेवाला ने वीरवार को नई अनाज मंडी से चंदाना रोड को जोड़ने वाली 27 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क की मरम्मत कार्य का लोकार्पण, दीवाल से सजूमा सड़क पर कैथल ड्रेन पर 50 साल पूर्व बने जर्जर पुल की जगह एक करोड़ 75 लाख रुपये की धनराशि से बने पुल का उद्घाटन और करनाल रोड से मुंदड़ी और नैना धौंस से मुख्य मार्ग तक की सड़क के मजबूतीकरण और सुधारीकरण के कार्य का लोकार्पण किया गया है।
वीरवार को कुल 11.60 किलोमीटर लंबाई की सड़कों व एक पुल के निर्माण के साथ 13 करोड़ 30 लाख 26 हजार रुपये की धनराशि के विकास कार्य का लोकार्पण शिलान्यास किया गया है।
उन्होंने फ्रांसवाला एवं नैना में लाखों रुपये के विकास कार्यों की घोषणा भी की। इस अवसर पर दिलबाग मोर, बोनी मान, बहादुर सैनी, नाजर सिंह दयौरा, अर्जुन गुलाटी, डॉ. श्याम साहनी, बलवान कुराड़, रामकुमार मान, जयपाल शर्मा, दलबीर पूनिया, प्रेमी रूलदू राम, सत्यवान शेरगढ़, धर्मपाल ठेकेदार सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता एवं नेता मौजूद रहे।