एक किशोरी ने छेड़खानी से तंग आकर मंगलवार रात को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
एक
युवक किशोरी को कई दिन से स्कूल आते-जाते समय छेड़ रहा था। पुलिस ने आरोपी
गांव अकबर पुर बारौटा निवासी रमेश के साथ-साथ किशोरी के चरित्र पर सवाल
उठाकर उसे ताना मारने वाली महिला सुमन और बिमला पर भी केस दर्ज किया है।
मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम
कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
किशोरी के परिजनों ने पुलिस को
दिए बयान में बताया कि उनकी बेटी बारहवीं कक्षा में पढ़ती थी। पिछले एक
सप्ताह से गांव अकबरपुर बारौटा निवासी रमेश उनकी बेटी को स्कूल में
आते-जाते समय छेड़ता था। इसके बारे में उन्होंने भी आरोपी युवक को चेताया,
लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आरोप है कि जब यह बात पड़ोस में
फैली तो महिला सुमन और बिमला ने उल्टा किशोरी के ही चरित्र पर सवाल उठाकर
उसे ताना मारना शुरू कर दिया।
इससे किशोरी परेशान रहने लगी।
इसी परेशानी में उसने मंगलवार रात घर में ही जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या
कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गांव अकबरपुर बारौटा निवासी रमेश, सुमन और
बिमला के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।