सोनीपत। सीआईए-1 की टीम ने गांव दोदवा में किसान राजेंद्र की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गोहाना क्षेत्र के गांव दोदवा और पिपली खेड़ा के निवासी हैं। इन पर फरवरी में भी किसान राजेंद्र पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। सीआईए-1 की टीम ने दोनों को न्यायालय में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए-1 के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि 5 अगस्त को गांव दोदवा में किसान राजेंद्र सिंह की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। इस मामले में काला जठेड़ी गैंग के शार्प-शूटर मनदीप उर्फ गोलू और उसके साथियों को नामजद किया गया था। इसके बाद सीआईए-1 की टीम ने मनदीप को उसके चार साथियों सहित कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया था। अब इस मामले में सीआईए-1 की टीम ने गांव दोदवा निवासी शातिर अश्वनी उर्फ भोलू उर्फ मारुति और पिपली खेड़ा निवासी प्रवीण उर्फ विजय उर्फ केडी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इनसे रिमांड अवधि में पूछताछ कर रही है ताकि इनके अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया जा सके।