विज्ञान विषय का पेपर देकर परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते विद्यार्थी। संवाद
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के टर्म-1 की परीक्षाओं के दौरान वीरवार को 10वीं कक्षा का विज्ञान विषय का पेपर हुआ। पेपर देकर परीक्षा केंद्र से बाहर निकले विद्यार्थियों के चेहरे खिले हुए थे। विद्यार्थी बोले, पेपर में पूछे गए सवाल बहुविकल्पीय थे और बेहद आसान थे। इसलिए पेपर निर्धारित समय से पहले ही पूरा कर लिया था। परीक्षा के दौरान सभी विद्यार्थी पेंसिल से लेकर अन्य नियमों के प्रति सजग दिखाई दिए। परीक्षा के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया गया।
सीबीएसई टर्म-1 की मुख्य विषयों की परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को प्रश्न समझने के लिए 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। विद्यार्थियों को प्रश्र पत्र पूरा करने के लिए 90 मिनट का समय मिला। सुबह 11.30 बजे शुरू हुआ पेपर दोपहर एक बजे खत्म हुआ। सीबीएसई के निर्देशों के अनुसार ओएमआर सीट पर कोई भी सवाल बिना जवाब दिए नहीं छोड़ा गया। बोर्ड परीक्षा के दौरान शुक्रवार को 10वीं कक्षा का गृह विज्ञान और 12वीं कक्षा का अंग्रेजी विषय का पेपर होगा।
वर्जन
सीबीएसई टर्म-1 की मुख्य विषयों की परीक्षाओं के दौरान वीरवार को 10वीं कक्षा का विज्ञान विषय का पेपर हुआ। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। सभी परीक्षा केंद्रों पर कोरोना नियमों का पालन किया गया।
- वीके मित्तल, सहोदय अध्यक्ष एवं प्राचार्य डीएवी स्कूल, सोनीपत