सोनीपत। उच्चतर शिक्षा निदेशालय से महाविद्यालयों में स्नातक व स्नातकोत्तर के दूसरे व फाइनल वर्ष के दाखिले शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सोमवार से पोर्टल खोला जाएगा। लंबे समय से दाखिला प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों को इस निर्णय से राहत मिली है। वहीं दूसरी तरफ प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए 28 सितंबर को पोर्टल खोला जाएगा। अब तक दाखिले से वंचित विद्यार्थी अपने मनपसंद महाविद्यालय में दाखिला ले सकेंगे।
बता दें कि कोरोना महामारी के चलते शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित रही हैं। स्नातक व स्नातकोत्तर की मई-जून में होने वाली परीक्षाएं देरी से हुई। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद भी अगली कक्षाओं में दाखिले के लिए पोर्टल नहीं खुल पा रहा था। ऐसे में उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने विद्यार्थियों को राहत देते हुए सोमवार से स्नातक व स्नातकोत्तर में द्वितीय व फाइनल वर्ष के लिए दाखिल शुरू करने का निर्णय लिया है।
दोनों कट ऑफ के बाद भी महाविद्यालयों में 50 से 60 फीसदी सीटें रिक्त
महाविद्यालयों में पहली व दूसरी कट ऑफ के आधार पर दाखिला प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। लेकिन शहर के सभी महाविद्यालयों में 50 से 60 फीसदी सीटें रिक्त हैं। शहर के हिंदू महाविद्यालय व हिंदू कन्या महाविद्यालय में करीब 60 फीसदी सीटें खाली है। जीवीएम कन्या महाविद्यालय व जीवीएम कन्या महाविद्यालय की बात करें तो यहां भी करीब 50 फीसदी सीटें रिक्त हैं। सीआर महाविद्यालय में करीब 55 फीसदी सीटें रिक्त रहने की बात कही जा रही है। ऐसे में विद्यार्थियों के साथ ही महाविद्यालय प्रबंधन को भी 28 सितंबर से शुरू होने वाली ओपन काउंसलिंग का बेसब्री से इंतजार है।
वर्जन
द्वितीय व अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की दाखिला प्रक्रिया शुरू करने के लिए सोमवार से पोर्टल खोला जाएगा। वहीं प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए फीस जमा करवाने की अवधि समाप्त हो चुकी है। महाविद्यालय मेें अभी भी करीब 60 फीसदी सीटें रिक्त हैं। ओप काउंसलिंग के लिए 28 सितंबर को पोर्टल खोला जाएगा। विद्यार्थी अपने मनपसंद महाविद्यालय में पहुंचकर दाखिला ले सकते हैं।
- डॉ. बीके गर्ग, प्राचार्य, हिंदू महाविद्यालय, सोनीपत