कालूपुर चुंगी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्टरी में जांच करने जाते अफसर । संवाद
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। आयकर विभाग की टीमें बुधवार को एक दवा कारोबारी व उद्यमी के ठिकानों पर सर्वे करने पहुंची। दवा कारोबारी की फैक्टरी, घर, फार्म हाउस के अलावा दिल्ली व पंचकूला के ठिकानों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी आयकर की टीमें सर्वे कर रही हैं। इसके अलावा शहर के उद्यमी महेश गुप्ता के ठिकानों पर भी जांच जा रही है। आयकर विभाग की टीमों में गुरुग्राम, फरीदाबाद व पानीपत के अलावा चंडीगढ़ की टीमें कई वाहनों में सवार होकर सेक्टर-15 स्थित दो कोठियों, ओमेक्स सोसायटी के एक आवास व शहर के औद्योगिकी क्षेत्र स्थित दवा फैक्टरी पर पहुंचे। टीमों ने गेट बंद कर सुबह 7 बजे से दवा कारोबारी के ठिकानों पर डेरा जमाया है। देर रात तक सर्वे जारी रहा।
आयकर विभाग की टीमें बुधवार सुबह करीब 7 बजे सोनीपत के दवा कारोबारी पावेल गर्ग के सभी ठिकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व फार्म हाउस पर पहुंची। अधिकारियों ने दवाओं की बिक्री, निर्यात समेत अनेक लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच शुरू की। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित स्टाफ सदस्यों से भी पूछताछ की। देर शाम तक सेक्टर-15 में महेश गुप्ता के ठिकानों पर भी आयकर विभाग की टीमों का सर्वे चलता रहा। टीम सबसे पहले औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में पहुंची थी। इसके बाद अन्य ठिकानों पर अलग-अलग टीमें पहुंची। बताया गया है कि दवा कारोबारी का भाई इस समय विदेश में है। आयकर विभाग की जांच दो से तीन दिन तक चल सकती है। दवा कारोबारी के रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। अब तक चली जांच में कोई अनियमितता मिली या नहीं, इस बारे में कोई भी अधिकारी कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।