हादसे में घायल दूसरी बाइक के चालक ने जान गंवाने वाले बाइक सवार युवक पर मुकदमा दर्ज कराया है। शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार दो लोगों को जिमखाना क्लब सेक्टर-7 में बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, दो ने दम तोड़ दिया।
हरियाणा के सोनीपत के सेक्टर-7 स्थित जिमखाना क्लब के पास गलत दिशा से आ रहे बाइक सवार ने सामने से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे दूसरी बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार ग्रामीण के साथ ही दूसरी बाइक के चालक की मौत हो गई। शादी समारोह से लौटते समय बाइक चला रहा दूसरा ग्रामीण घायल हो गया। घायल के बयान पर पुलिस ने मरने वाले दूसरी बाइक के चालक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
गांव रायपुर निवासी इंद्रजीत ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि वह शनिवार को बाइक पर सवार होकर गांव जाट जोशी में आयोजित शादी समारोह में गए थे। उनके साथ गांव का ही शमशेर भी था। दोनों रात को शादी समारोह से घर लौट रहे थे। बाइक वह खुद चला रहे थे और शमशेर पीछे बैठे थे।
जब वह सेक्टर-7 स्थित जिमखाना क्लब के पास पहुंचे तो सामने से गलत दिशा में एक युवक बाइक को तेज गति से चलाते हुए आया। उन्होंने बचने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
विज्ञापन
पीछे से आ रहे उनके गांव के लोगों ने उन्हें बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उन्हें उपचार दिया गया। उन्हें पता लगा कि हादसे में उनके साथी शमशेर व दूसरी बाइक सवार युवक की भी मौत हो गई। दूसरी बाइक सवार युवक की पहचान ऋषि कुंज कॉलोनी निवासी कृष्णा के में हुई है। पुलिस ने इंद्रजीत के बयान पर कृष्णा के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले कृष्णा के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। कृष्णा की माता दिव्यांग व उनका एक छोटा नाबालिग भाई है। जिसकी उम्र करीब 13 वर्ष है।
जिमखाना क्लब के पास हादसे में बाइक सवार ग्रामीण के साथ ही दूसरी बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दूसरी बाइक के चालक के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। -दिलबाग सिंह, थाना प्रभारी, सेक्टर-27।