गोहाना। विधायक जगबीर मलिक ने कहा कि शहर व गांव में बिजली के कटों से लोग परेशान हैं। उसके बाद भी बिजली निगम के अधिकारियों ने लोगों को ज्यादा राशि के बिल भेज दिए हैं, जिन्हें देखकर लोग हैरान हैं। प्रदेश में बिजली संकट की वजह से हर वर्ग परेशान है। सरकार की ओर से बिजली किल्लत दूर करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
विधायक शनिवार को पुराने बस स्टैंड स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गांवों में रोजमर्रा के कार्य नहीं हो पाते हैं। पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो चुकी है। 24 घंटे में से बिजली 4 घंटे आती है उसमें भी अनेक अघोषित कट लगा दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को खेत में ट्यूबवेल चलाने के लिए बिजली नहीं मिल रही है। शहर में 20 से ज्यादा कट लग जाते हैं। मलिक ने कहा कि लोग बिजली के संकट से परेशान थे, अब सरकार ने बिजली के भारी भरकम बिल भेज कर लोगों को परेशान कर दिया है। सरकार ने जो बिल भेजे है उसे उपभोक्ता भर नहीं सकता है।