पहले दिन इलाहाबाद विश्वविद्यालय की टीम ने एकतरफा मुकाबले में नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय, द्वारका को पराजित किया। डीसीआरयूएसटी में शुरू हुई प्रतियोगिता में 58 टीमें ले भाग रही हैं।
हरियाणा के सोनीपत में मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) में रविवार को उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज किया गया। प्रतियोगिता में 58 विश्वविद्यालयों की टीम भाग ले रही हैं। पहले दिन 16 विश्वविद्यालयों की टीमों के बीच 8 मुकाबले खेले गए। इनमें कुछ मुकाबले एकतरफा तो कुछ मुकाबलों मेें दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। प्रतियोगिता का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने किया।
विज्ञापन
डीसीआरयूएसटी के कुलपति प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं का सर्वांगीण विकास होता है। विद्यार्थियों के अंदर सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होती है। खेल निदेशक डॉ. बिरेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रतियोगिता के शुभारंभ पर सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी।
विज्ञापन
डीसीआरयूएसटी में शुरू हुई उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता के शुभारंभ पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते कुलपति प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत। संवाद
इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुरेश कुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. विजय शर्मा, प्रो. सुरेंद्र सिंह दहिया, प्रो. पवन दहिया, पंजाब विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. राकेश मलिक, डॉ. प्रदीप पंघाल, डॉ. सतपाल, डॉ. दिनेश दहिया, करनाल व पानीपत के जिला खेल अधिकारी प्रदीप पालीवाल भी मौजूद रहे।
पहला मुकाबला इलाहाबाद विश्वविद्यालय और नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय, द्वारका के बीच खेला गया। जिसमें इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने 3-0 के अंतर से जीत दर्ज की।
दूसरा मुकाबला डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय, अयोध्या और एमजेपी रोली खान विश्वविद्यालय के बीच खेला गया। जिसमें एमजेपी रोली खान विश्वविद्यालय की टीम ने विपक्षी को 3-0 से पराजित किया।
तीसरा मुकाबला महाराजा भूपेंद्र सिंह विश्वविद्यालय, पंजाब और जामिया इस्लामिया विश्वविद्यालय, दिल्ली के बीच खेला गया। संघर्षपूर्ण मैच में महाराजा भूपेंद्र सिंह विश्वविद्यालय, पंजाब ने दिल्ली की टीम को 3-2 से पराजित कर दिया।
चौथा मुकाबला कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल और जम्मू विश्वविद्यालय के बीच खेला गया। कुमाऊं विश्वविद्यालय की टीम ने जम्मू को 3-0 से हरा दिया।
पांचवां मैच उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय और निफ्टम, कुंडली के बीच खेला गया। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की टीम ने निफ्टम को 3-0 से मात दी।
छठा मुकाबला डीटीयू, दिल्ली और इंटीग्रल विश्वविद्यालय, लखनऊ के बीच खेला गया। डीटीयू दिल्ली की टीम ने इंटीग्रल विश्वविद्यालय को 3-0 से पराजित किया।
सातवां मुकाबला शिव नादर विश्वविद्यालय, दिल्ली और चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी के बीच खेला गया। शिव नादर विश्वविद्यालय, दिल्ली ने 3-1 के अंतर से जीत हासिल की। आठवां मैच चौ. राजेंद्र सिंह विश्वविद्यालय, प्रयागराज व महेंद्रगढ़ केंद्रीय विश्वविद्यालय के मध्य खेला गया। एकतरफा मुकाबले में प्रयागराज की टीम ने महेंद्रगढ़ की टीम को 3-0 से पराजित किया।