राई। मुरथल थाना क्षेत्र के गांव की युवती को उसकी मां ने अपने दामाद के साथ मिलकर झूठी आन के लिए मौत के घाट उतारा था। बाद में उसके शव को दफना दिया था। इसका पता लगने पर पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाकर उसका पोस्टमार्टम कराया था। जिसमें गला दबाकर व सिर में चोट मारकर हत्या की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में जांच करते हुए सोमवार रात को युवती की मां व उसके दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी अपने बयान बदलते रहे।
मुरथल थाना क्षेत्र के गांव की 20 वर्षीय युवती की शनिवार को मौत होने के बाद परिजनों ने उसका शव दफना दिया था। शाम को पुलिस के पास किसी ने कॉल कर सूचना दी थी कि युवती की हत्या कर शव को दफनाया गया था। पिता की मौत के बाद मां और भाई के साथ मजदूरी करती थी। पुलिस को बताया गया था कि वह शुक्रवार को भिंडी तोड़ने के लिए खेत में गई थी। वहां पर कीटनाशक का स्प्रे किया गया था। घर आने के बाद वह खाना खाकर सो गई थी। सुबह वह मृत मिली थी। उन्होंने समझा कि कीटनाशक के प्रभाव में उसकी मौत हो गई। बाद में पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया था। जिसमें रविवार रात चिकित्सक ने युवती की हत्या किए जाने की पुष्टि कर दी थी। युवती की गला दबाकर व सिर में चोट मारकर हत्या किए जाने का पता लगा था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था।
मामले में पुलिस को अंदेशा था कि उसकी झूठी आन के लिए हत्या की गई है। पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। युवती की मां से भी पूछताछ हुई तो उसने बताया कि उसने अपने दामाद के साथ मिलकर छोटी बेटी की हत्या की है। जिस पर पुलिस ने सोमवार रात को महिला व बाद में उसके दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर ही है। पुलिस का कहना है कि अभी दोनों ने हत्या के असल कारणों की जानकारी नहीं दी है। वह लगातार बयान बदल रहे हैं। उन्हें मंगलवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।