कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने के साथ ही महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक ने स्नातक परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया। पहले चरण में स्नातक के पहले, तीसरे, पांचवें व छठे सेमेस्टर की परीक्षाओं की ही डेटशीट जारी की गई है। 17 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाएं ऑनलाइन व ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी। डेटशीट जारी होने के साथ ही महाविद्यालयों में परीक्षाओं को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।
एमडीयू द्वारा जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार स्नातक के पहले, तीसरे व पांचवें सेमेस्टर की रेगुलर व री अपीयर दोनों की परीक्षाओं की डेटशीट जारी की गई है, जबकि छठे सेमेस्टर में केवल री-अपीयर विद्यार्थियों के लिए ही डेटशीट जारी हुई है। महाविद्यालय प्रबंधन की मानें तो अन्य कक्षाओं की डेटशीट भी जल्द जारी हो सकती है। विद्यार्थी मेहनत से अपनी परीक्षाओं की तैयारी करें।
ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों मोड में होंगी परीक्षाएं
स्नातक की परीक्षाएं ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों मोड में आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन मोड की सुविधा केवल उन विद्यार्थियों को दी जाएगी, जो हरियाणा व दिल्ली से बाहर के निवासी हैं। या फिर कोरोना से पीड़ित हैं। ऐसे विद्यार्थियों को परीक्षा से 48 घंटे पहले महाविद्यालय प्राचार्य से लिखित आवेदन देकर इजाजत लेनी होगी। निर्धारित समयावधि के बाद मांग स्वीकार नहीं की जाएगी।
कोरोना के इनियमों का करना होगा पालन
महाविद्यालयों में होने वाली स्नातक की परीक्षाओं को लेकर महाविद्यालयों के लिए भी गाइडलाइन जारी की गई है। परीक्षाओं के दौरान कोरोना के नियमों का पालन करना होगा। एक बेंच पर एक ही विद्यार्थी बैठेगा। विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी।
14 मार्च तक चलेंगी परीक्षाएं
विवि द्वारा जारी डेटशीट के अनुसार स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होकर 11 मार्च तक चलेगी। तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी, पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा 18 फरवरी से 14 मार्च तक चलेगी। वहीं छठे सेमेस्टर की री-अपीयर की परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च तक होंगी। यूनिवर्सिटी लिपिक गौरव गर्ग का कहना है कि स्नातक के पहले, तीसरे, पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए डेटशीट जारी कर दी गई है। परीक्षाएं ऑनलाइन व ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं। समय कम है, इसलिए विद्यार्थी परीक्षाओं की तैयारियों में जुट जाएं।