गांव सलीमसर माजरा में घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को काबू कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों का अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों ने रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया था।
गांव सलीमसर माजरा के दिनेश ने 1 फरवरी को मुकदमा दर्ज कराया था कि उनके घर में घुसकर कई युवकों ने उस पर फायरिंग की थी और बाद में पाइप से हमला किया था। पुलिस को पता लगा था कि आरोपी शुभम बड़वासनी के पास कुछ युवकों के साथ हथियार लेकर घूम रहा है। पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। मामले में कतलुपुर के शुभम (18) को काबू किया। उसके साथी गांव कंवाली के रोहित, गांव भैंसवाल के रहने वाले विनीत उर्फ भोलू, बिंदरौली के रहने वाले मोहित और झिंझोली के रहने वाले हिमांशु को गिरफ्तार किया गया है। शुभम पर विभिन्न थानों में फायरिंग करने और जानलेवा हमला करने के 14 मामले दर्ज हैं। रोहित और विनीत पर दो-दो मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अभी तीन आरोपी फरार हैं।