पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए हत्यारोपी धर्मेंद्र व सन्नी।
- फोटो : bureau
महमुदपुर में नाबालिग की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता और भाई को गिरफ्तार करके मंगलवार को नया खुलासा किया है। पुलिस के सामने दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि नाबालिग की मां रामरती ने घर में पहरा दिया और उसके पिता धर्मेंद्र व भाई सन्नी ने गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए चुन्नी को गले में बांधकर फंदे पर लटका दिया। वह इसे आत्महत्या दिखाने के अपने मकसद में कामयाब भी हो जाते, लेकिन नाबालिग के करीबी युवक ने पुलिस को सब कुछ बता दिया। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया और वहां से उनको एक दिन के रिमांड पर लिया है।
गोहाना सदर पुलिस थाना में महमुदपुर गांव के विक्की की शिकायत पर उसकी करीबी नाबालिग की हत्या करने के आरोप में लड़की के पिता धर्मेंद्र व उसके भाई सन्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लोकलाज के कारण उन्होंने लड़की की हत्या कर दी। उन्होंने माना कि उनकी लड़की का गांव के ही एक युवक की करीबी थी और वह शनिवार रात को उस युवक के घर चली गई। जिसे वे सहन नहीं कर पाए। पहले भी वह अपनी बेटी को समझा चुके थे। इस कारण ही रविवार रात को उसने अपने बेटे व पत्नी के साथ मिलकर अपनी बेटी को न केवल मौत के घाट उतार दिया था, बल्कि उसके शव को भी खुर्दबुर्द करने के लिए जला दिया था।
युवती की हत्या करने के मामले में गिरफ्तार पिता और भाई को अदालत में पेश करने के उपरांत एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। दोनों से सबूत बरामद किए जाने हैं।
-फूल कंवार, प्रभारी, सदर थाना