हरियाणा के सोनीपत के पंचम नगर में आटा चक्की पर टाटा कंपनी के नाम से नकली पैकिंग में नमक व चाय बेची जा रही थी। कंपनी के इंवेस्टिगेशन अधिकारी को मामले का पता लगा तो उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। जिसके बाद पुलिस ने छापा मारकर मौके से टाटा कंपनी की नकली पैकिंग बनाकर उसमें बेचे जा रहे नमक व चाय को बरामद कर लिया। पुलिस ने चक्की संचालक के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गांव खेड़ी दहिया निवासी धर्मबीर ने पुलिस को बताया कि वह स्पीड सर्च एंड सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में इन्वेस्टीगेशन अधिकारी हैं। उनकी कंपनी सेक्टर-32 चंडीगढ़ में हैं। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स उनकी क्लाइंट कंपनी है।
जिसका मुख्यालय बेंगलुरु में हैं। टाटा कंज्यूमर की तरफ से स्पीड सर्च को मार्केट में उनकी कंपनी के नाम से बेचे जा रहे नकली उत्पादों को रोकने के लिए सर्वे करने व नकली बेचते पकड़े जाने पर कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है।
धर्मबीर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि ओल्ड डीसी रोड पर पंचम नगर में दीपक आटा चक्की एवं पशु आहार की दुकान पर टाटा की पैकिंग में नकली नमक व चाय बेची जा रही है। जिससे कंपनी की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है।
जिस पर सिविल लाइन थाना पुलिस के साथ दुकान पर छापा मारा गया। दुकान पंचम नगर निवासी अभिषेक मिला। दुकान पर जांच के दौरान 30 बैग में टाटा की नकली पैकिंग में भरा नमक व 20 बैग में नकली पैकिंग में भरी चाय मिली। पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ 63 कॉपीराइट एक्ट व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है।