हरियाणा के सोनीपत में बेखौफ बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों पर ट्रक व कैंटर चालक के साथ ही एक फैक्टरी के सिक्योरिटी गार्ड से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिये। मुरथल में पेट्रोल पंप के पास ट्रक चालक को पिस्तौल दिखाकर बदमाश मोबाइल व 3800 रुपये लूटने के बाद कार में सवार होकर भाग गए।
वहीं केजीपी पर कैंटर चालक को काबू कर चार बदमाशों ने 12 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। इसके साथ ही गांव लड़सौली के पास सिक्योरिटी गार्ड को पिस्तौल दिखाकर बाइक सवार दो बदमाश मोबाइल व 10 हजार लूटकर भाग निकले। मुरथल, कुंडली व बड़ी औद्योगिक थाना क्षेत्र पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।
गांव महिपुर निवासी रविंद्र ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह ट्रक चालक है। वह सोमवार सुबह ट्रक को जेबीएम कंपनी में खाली कर मुरथल हाईवे के पास आया था। उसने एक पेट्रोल पंप के पास ट्रक को रोक दिया और कुछ देर के लिए ट्रक के अंदर सो गया। उसके सोने के बाद अचानक दो युवक ट्रक में घुस आए। उन्होंने पिस्तौल निकालकर उसके पेट पर अड़ा दी। उसके बाद वह उन्होंने उससे पर्स छीन लिया।
पर्स में 38 सौ रुपये, आधार कार्ड व अन्य कागजात थे। उसके बाद उसका मोबाइल फोन छीन लिया। वह ट्रक से उतरकर पास ही खड़ी वैगन आर कार में बैठकर भाग गए। कार में पहले से ही दो युवक बैठे थे। पुलिस ने रविंद्र के बयान पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मुरथल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
केजीपी पर कैंटर चालक को काबू कर 12 हजार रुपये व मोबाइल लूटा
गांव चिटाना निवासी संदीप कुमार ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह कैंटर पर चालक है। वह रविवार देर रात कैंटर लेकर गाजियाबाद गया था। वहां पर सामान उतारने के बाद वह वापस लौट रहा था। जब वह कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) पेरिफेरल-वे पर टोल प्लाजा से एक किलोमीटर पहले पहुंचा तो उसने कैंटर को एक तरफ रोक दिया। उसके बाद वह कैंटर से उतरकर लघुशंका के लिए रुक गया। इसी दौरान चार युवक वहां पहुंचे और उसे पकड़ लिया। वह उसे डराकर उससे मोबाइल फोन व 12 हजार लूटकर भाग गए। संदीप ने बताया कि उन्हें दो दिन पहले ही वेतन मिला था। जिसमें से आधे पैसे उसने घर रख दिए थे और आधे उनके पास थे। जिसे बदमाश छीन ले गए। पुलिस ने संदीप के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कुंडली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
लड़सौली के पास सिक्योरिटी गार्ड को पिस्तौल दिखाकर मोबाइल और 10 हजार लूटे
गांव बांय निवासी अजय ने बड़ी औद्योगिक थाना पुलिस को बताया कि वह मलिकपुर स्थित एक फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड है। वह सोमवार सुबह घर से बाइक पर सवार होकर मलिकपुर के लिए निकले थे। जब वह गांव लड़सौली से धतूरी रोड स्थित फार्म हाउस के पास पहुंचे तो वहां पर दो युवक बाइक के पास खड़े मिले। उन्होंने उसे रोक लिया। इससे पहले की वह कुछ समझ पाता एक युवक ने पिस्तौल निकालकर अड़ा दी। उसके बाद वह उससे मोबाइल और 10 हजार रुपये की नकदी छीनकर जीटी रोड की तरफ भाग गए। बड़ी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। बड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि दोनों युवकों की तलाश के लिए बड़ी थाना की टीम के साथ सीआईए की टीम का भी गठन किया गया है। जल्द ही दोनों का पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।