बसाना गांव में हुए राजसिंह हत्याकांड से पर्दा उठ गया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि राजसिंह और शराब लाने से मना कर दिया तो पानीपत जिले के गांव कुराना के युवक रोहताश ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
डीएसपी विनोद कुमार ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि बुसाना निवासी रामपाल ने मंगलवार को शिकायत दी थी कि उसके पिता की हत्या कुराना निवासी रोहताश ने की है। वारदात अंजाम देने के बाद आरोपी मौके पर ही नग्न अवस्था में शव छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया तो पता चला कि राजसिंह की हत्या गला दबाकर की गई है। कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक रोहताश को काबू कर लिया।
पूछताछ में उसने बताया कि दोनों शराब पी रहे थे। शराब खत्म होने पर उसने राजसिंह को और शराब लाने के लिए कहा। राजसिंह ने मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े में उसने राजसिंह का गला दबा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद वह घबरा गया और मौके से फरार हो गया था। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर वारदात से जुड़े तथ्य जुटाने का प्रयास कर रही है।