पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी।
- फोटो : amar ujala
औद्योगिक क्षेत्र स्थित गोदाम पर छापा मारकर कुंडली थाना पुलिस ने तस्करी कर लाई गई चार टन चंदन लकड़ी बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब एक करोड़ बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गांव मुरथल निवासी रवींद्र व पानीपत के गांव शहरमालपुर का रहने वाला इंद्रपाल है। पुलिस ने आरोपियों को कुरुक्षेत्र स्थित पर्यावरण अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस को तस्करी से जुड़े कुछ अन्य मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है।
कुंडली थाना में नियुक्त एएसआई देवेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ शनिवार को कुंडली में गश्त कर रहे थे। उन्हें सूचना मिली कि औद्योगिक क्षेत्र में हनुमान धर्म कांटे के पीछे बने गोदाम में तस्करी कर लाई गई चंदन रखी गई है। पुलिस टीम ने थाना प्रभारी संदीप कुमार से संपर्क किया और गोदाम पर छापामार कार्रवाई की। टीम ने गोदाम के अंदर से 40 क्विंटल 25 किलोग्राम चंदन लकड़ी बरामद की। पुलिस ने मौके से रवींद्र व इंद्रपाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह इस लकड़ी को काफी समय पहले कर्नाटक के मैसूर से तस्करी कर लाए थे। लकड़ी के खरीदार नहीं मिल सके, इस कारण गोदाम में छिपाकर रख दी थी।
चंदन तस्करी के अन्य मामलों का पता लगाने के लिए पुलिस छापामारी करेगी। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनके अन्य साथियों का भी पता लगाया जाएगा।
-संदीप कुमार, कुंडली थाना प्रभारी