हरियाणा के सोनीपत में काठ मंडी स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के तत्कालीन कर्मचारी को 24 लाख रुपये के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी रोहतक के साई-1 का रहने वाला निशांत है। उस पर बैंक के ग्राहकों के खातों से अपने और अपने परिचितों के खातों में पैसे भेजने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय अधिकारी राकेश कुमार ने एसपी को शिकायत दी थी कि काठ मंडी स्थित शाखा में लिपिक निशांत ने कई लोगों के बैंक खातों से पैसे दूसरे खातों में भेजे हैं। कुछ समय से बैंक में ग्राहकों के खातों से रुपये गायब होने की शिकायत आ रही थी। विभागीय जांच में पाया गया कि निशांत ने ग्राहकों के खातों से रुपये गायब किए हैं।
बैंक की आरंभिक जांच में करीब 24 लाख रुपये का गबन सामने आया है। बाद में कई लोगों के पैसे वापस किए गए। एसपी ने इस मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी थी। पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा की जांच में सामने आया कि निशांत ग्राहकों के खातों से रुपयों को अपने परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर देता था।
बाद में उनसे रुपये वापस ले लेता था। इसके बाद मामला सिटी थाना पुलिस को भेज दिया गया। सिटी थाना पुलिस ने 14 जुलाई, 2021 को मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसआई देवेंद्र सिंह की टीम ने आरोपी निशांत को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी से पूछताछ करके पूरे मामले से पर्दा उठाया जाएगा।