भिवानी में नगर परिषद कार्यालय।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के भिवानी में चेक, रसीद या हो जमीन घोटाला सब में एक व्यक्ति की भूमिका अहम नजर आ रही है। वह है नगर परिषद का 'नंबरदार'। नगर परिषद में नंबरदार के नाम से चर्चित अकाउंटेंट सुरेश कुमार का अब तक सामने आए सभी घोटालों में नाम सामने आया है।
चेक घोटाले में जेल में बंद नंबरदार पर जल्द ही अन्य केस भी दर्ज हो सकते हैं। इसकी तैयार हो गई है। ऑनलाइन रसीद घोटाले में भी अकाउंटेंट का नाम आया है और शौरेवाले मंदिर विवाद में गिरफ्तार महिला ने भी अकाउंटेंट सुरेश का नाम लिया है। साथ ही बताया कि उक्त अकाउंटेंट ने उससे दो लाख रुपये ले लिए। फिलहाल पुलिस रसीद और शौरेवाले मंदिर मामले में आरोपी सुरेश अकाउंटेंट को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी में है।
नगर परिषद के पूर्व पार्षद सुदर्शन जिंदल की शिकायत के बाद सामने आया चेक घोटाला लगातार बढ़ता ही जा रहा है। मामले की जांच स्टेट विजिलेंस कर रही है। पुलिस मामले में अब तक निवर्तमान चेयरमैन रण सिंह यादव, तत्कालीन कार्यकारी अधिकारी संजय यादव, अकाउंटेंट सुरेश कुमार और संजय गोयल, एक्सिस बैंक के सेल्स मैनेजर नितेश व पांच अन्य को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में सामने आया कि अकाउंटेंट सुरेश कुमार का इस घोटाले में अहम रोल रहा है। लाखों रुपये कमीशन लेने के अलावा अन्य व्यवस्थाओं करने में भी भूमिका रही।
ऑनलाइन रसीद घोटाले में आरोपियों ने लिया सुरेश का नाम
नगर परिषद में चेक घोटाले के बाद फर्जी रसीद घोटाला सामने आया, जिसमें फर्जी पीआईडी रसीद, फर्जी टैक्स रसीद के सहारे लाखों रुपयों का गबन किया गया। उपभोक्ताओं से रुपये लिए मगर नप के खाते में डालने के बजाय अपनी जेबों में डाले। मामले में पुलिस ने एक निवर्तमान पार्षद के भतीजे रजनीश और उसके साथ कराटे कोच हरीश को गिरफ्तार किया। इनसे नकदी के अलावा अन्य सुबूत, लैपटॉप भी बरामद हुए। उक्त मामले में भी अकाउंटेंट सुरेश का नाम सामने आया है। ऑनलाइन रसीद घोटाले में उनका नाम है। इसके आधार पर अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी हो गई है।
महिला बोली - अकाउंटेंट सुरेश ने मुझसे लिए दो लाख रुपये
शौरेवाली मंदिर के विवाद में गिरफ्तार एक महिला ने भी पुलिस के समक्ष अकाउंटेंट सुरेश का नाम लिया है। महिला ने आरोप लगाए कि अकाउंटेंट सुरेश कुमार ने उससे दो लाख रुपये लिए हैं। ऐसे में आरोपी सुरेश पर जल्द ही और मुकदमे दर्ज हो सकते है।
सुरेश को प्रोडक्शन वारंट पर लेंगे
मामले की जांच की जा रही है। आरोपी सुरेश का नाम महिला ने भी लिया है। उसने कहा कि सुरेश ने उससे दो लाख रुपये लिए हैं। ऑनलाइन रसीद घोटाले में भी सुरेश का नाम आया है। उसे प्रोडक्शन वारंट पर लिया जाएगा। इसके बाद ही बाकी की जांच होगी। - अजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक।