सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 पर भिगान चौक के पास खड़े ट्रक का शीशा तोड़कर घुसे बदमाश चालक और क्लीनर को डराकर नकदी और मोबाइल लूटकर भाग गए। बदमाश कार में सवार होकर आए थे। देर रात चालक व क्लीनर ने कोहरा होने के चलते ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर रखा था। इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया। मुरथल थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
भिवानी के गांव मीराण निवासी पवन कुमार ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह और उनके गांव का कुलवी गुरुग्राम स्थित रेडी फाइन बिनौला कंपनी की गाड़ी पर चालक व क्लीनर है। वह रविवार रात को ट्रक को कंपनी से लेकर पंजाब के लुधियाना के लिए चले थे। जब वह रात साढ़े 11 भिगान चौक के पास पहुंचे तो सड़क पर काफी कोहरा छाया था। जिससे हादसे की आशंका के चलते उन्होंने ट्रक को संपर्क मार्ग पर एक तरफ खड़ा कर दिया। वह ट्रक के अंदर लेटकर आराम करने लगे।
इसी दौरान किसी ने उनके ट्रक की खिड़की खोलने के लिए आवाज देनी शुरू कर दी। उन्होंने खिड़की खुलवाने का कारण पूछा तो कोई जवाब नहीं आया। इसी दौरान किसी ने उसकी तरफ के शीशे को रॉड मारकर तोड़ दिया। बाद में कई युवक खिड़की खोलकर अंदर आ गए। उन्होंने डराकर उससे पांच हजार रुपये व मोबाइल फोन और ट्रक की चाबी छीन ली। बाद में वह कार में सवार होकर भाग गए। कोहरा व अंधेरा होने के चलते वह उनके चेहरे व गाड़ी का नंबर नहीं देख सके। जिस पर उन्होंने तड़के पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद सोमवार सुबह लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम बदमाशों का पता लगा रही है।