सोनीपत जिले के गोहाना शहर के एक निजी कॉलेज की प्रथम वर्ष की छात्रा ने जहरीली दवा निगल ली। बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। छात्रा के पिता ने चार युवक-युवतियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इस पर शहर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता के आरोपों की जांच के लिए शहर थाना पुलिस निशा के फोन की कॉल डिटेल खंगालेगी। चूंकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी निशा को किस बात के लिए प्रताड़ित करते थे। पुलिस का कहना है कि फोन के रिकॉर्ड के अनुसार आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जाएगा। इसी के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कॉलेज की छात्रा ने जहरीली दवा निगल ली है, जिसकी मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में मौत हो गई है। पुलिस ने आरोपी अमन, उसके पति, अन्नू व अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक छात्रा के मोबाइल का रिकॉर्ड को भी खंगाला जाएगा, ताकि कारणों का पता चल सके। इसके साथ ही आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। - निरीक्षक बदन सिंह, शहर थाना प्रभारी, गोहाना