कैंटर में अवैध रूप से भरी 350 पेटी शराब बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
राई। गांव लिवान के पास स्थित मैक्स हाइट मैट्रो फ्लैट के पास स्पेशल स्टाफ पुलिस ने कैंटर के अंदर अवैध रूप से भरकर लाई गई 350 पेटी शराब बरामद की है। इनमें 295 पेटी जहां महज अरुणाचल में बिक्री के लिए थी, वहीं 55 पेटी पर कोई मार्का नहीं था। पुलिस को देखकर कैंटर चालक फरार हो गया। पुलिस को कैंटर के अंदर कोई कागजात नहीं मिला है। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्पेशल स्टाफ सेक्टर-3 में नियुक्त एएसआई आजाद सिंह ने राई थाना पुलिस को बताया कि वह अपनी टीम के साथ गांव लिवान मैक्स हाइट मैट्रो फ्लैट के पास गश्त कर रहे थे। उन्हें वहां एक कैंटर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर अचानक कैंटर चालक नीचे उतरकर भाग गया। जिस पर शक के आधार पर कैंटर की तलाशी ली गई तो उसमें शराब भरी हुई मिली। कैंटर में गाड़ी व शराब को लेकर कोई कागजात नहीं मिला। जिस पर पुलिस ने आबकारी विभाग को मामले से अवगत कराया। जिसके बाद आबकारी विभाग के निरीक्षक धीरेंद्र अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे। जांच में कैंटर के अंदर से 295 पेटी पव्वा गोवा स्पेशल के मिले। उन पर महज अरुणाचल में बेचने को लिखा था। साथ ही उस पर चंडीगढ़ की कंपनी का पता लिखा था। वहीं 55 पेटी बिना किसी मार्का के थीं। पेटी में अलग से गोवा स्पेशल के लेबल पड़े थे। धीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि शराब हरियाणा की नहीं है। यहां पर धोखाधड़ी कर लाई गई है। जिस पर पुलिस ने शराब व कैंटर को कब्जे में ले लिया। मामले की शिकायत राई थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।