गांव खांडा में पशुओं का व्यापार करने के लिए उत्तर प्रदेश के जिला बागपत से आने वाले दो व्यापारियों ने ग्रामीणों को विश्वास में लेकर उनकी 13 भैंस ले ली और फरार हो गए। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। जिस पर खरखौदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खांडा निवासी मनोज का कहना है कि उनके गांव में सोनू व ठेकेदार नाम से दो पशु व्यापारी आते थे जो खुद को जिला बागपत उत्तर प्रदेश के बताते थे। कुछ दिनों तक उन्होंने गांव से भैंसों की खरीद फरोख्त की और पैसों को समय पर देते रहे। इस दौरान गांव के ही एक व्यक्ति के प्लाट में भैंसों को रखा जाता था ताकि एकत्रित कर उन्हें उत्तर प्रदेश ले जाया जा सके। इस बार उन्होंने गांव के ही संदीप की एक, सतबीर की दो, बिजेंद्र की दो, रणजीत की दो, कप्तान की एक, सतीश की एक, रमेश की एक, नफे की एक, कृष्णा की एक, नवीन की एक भैंस को खरीदा और सभी से पैसे दो-तीन दिन में देने की बात कहकर 13 भैंसों को अपने साथ ले गए। लेकिन अब आरोपी युवक उन से संपर्क नहीं कर रहे हैं। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।