कुंडली बॉर्डर पर पंजाब के युवक लखबीर सिंह की नृशंस हत्या के मामले में आत्मसमर्पण करने वाले नारायण सिंह व सरबजीत सिंह की तलवार व कपड़े पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। आरोपियों ने इन्हीं तलवारों का वारदात में प्रयोग किया था।
लखबीर की हत्या के मामले में चार निहंग आत्मसमर्पण कर चुके हैं। इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। इनमें सरबजीत पर लखबीर का हाथ व नारायण सिंह पर पैर काटने का आरोप है।
पुलिस ने रिमांड के दौरान अब सरबजीत व नारायण सिंह की तलवार को बरामद कर लिया है। साथ ही वारदात के दौरान पहने गए कपड़ों को भी बरामद किया गया है। पुलिस टीम अब तलवार व कपड़ों को जांच के लिए लैब में भेजेगी। पुलिस मामले को लेकर ठोस सुबूत जुटा रही है।
यह भी पढ़ें: फतेहाबाद: कोर्ट परिसर में पति-पत्नी में चले लात-घूंसे, पत्नी ने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का दायर कर रखा है केस
भगवंत सिंह ने ही शोर मचाकर अन्य को बुलाया था
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया है कि गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करते हुए लखबीर को सबसे पहले भगवंत सिंह ने देखा था। उसने ही शोर मचाकर अन्य को बुलाया था। उसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ करते हुए दो तलवार व उनके कपड़े बरामद किए हैं। मामले में गहनता से जांच जारी है। बारीकी से सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
- वीरेंद्र सिंह, डीएसपी