गन्नौर। पुरखास-कैलाना रोड पर स्कूटी सवार कोऑपरेटिव बैंक के गनमैन पर हमला कर उसकी लाइसेंसी पिस्तौल व कारतूस छीनने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी कर्मजीत उर्फ सोनू गांव पुरखास का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक को बरामद कर ली है।
गांव नयाबांस निवासी विजय कोऑपरेटिव बैंक में बतौर गनमैन कार्यरत है। वह 19 मई को स्कूटी पर सवार होकर पुरखास गांव स्थित बैंक में गया था। जब वह बैंक से वापस लौट रहा था तो पुरखास-कैलाना रोड पर बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसकी पिटाई कर लाइसेंसी पिस्तौल व कारतूस छीन लिए थे। पुलिस ने विजय की शिकायत पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई करते हुए वारदात में आरोपी कर्मजीत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद