फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंदगी से हाल बेहाल, कर्मियों ने निकाला जुलूस

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनीपत। नगर निगम के सफाई कर्मचारी मंगलवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण बाजारों और अन्य क्षेत्रों में सड़कों पर कूड़े के ढेर लग गए। कूड़े का उठान नहीं होने के कारण बाजारों में दुकानदारों व खरीदारी करने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सफाई व कूड़ा उठान के लिए निगम स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था न किए जाने के कारण शहर में हालात बिगड़ गए। गलियां-नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं। वहीं नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर 261 सफाई व अग्निशमन कर्मियों ने शहर में जुलूस निकाला। कर्मचारी नगर निगम कार्यालय से जुलूस निकालते हुए बस अड्डे तक पहुंचे। वहां से वापस धरने पर लौटे। दो दिवसीय हड़ताल पूरी होने के बाद अब कर्मी बुधवार को काम पर लौटेंगे। उसके बाद ही सफाई हो सकेगी।
विज्ञापन

सफाई कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल की वजह से शहर के बाजारों व अधिकांश वार्डों में स्थिति खराब रही है। नियमित रूप से कचरा उठान न हो पाने के कारण पहले ही कचरे के ढेर लगे हुए थे। कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने के बाद हालात और भी बिगड़ गए। हालांकि हड़ताल स्थगित होने पर बुधवार को कर्मचारी काम पर लौट आएंगे। इसके बावजूद स्थिति से निपटना चुनौती से कम नहीं होगा। नगर निगम के पास संसाधनों का अभाव है। दो दिन से जारी नगर निगम व दमकल कर्मचारियों की हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य सचिव राजीव खत्री ने बताया कि प्रदेश में निकाय चुनाव की घोषणा होने पर आचार संहिता लगने के कारण हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। 25 जून को दोबारा राज्य कमेटी की बैठक बुलाकर आगामी आंदोलन का एलान किया जाएगा।
इंसेट
ये हैं कर्मचारियों की मांगें
सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश उप प्रधान शीलकराम मलिक ने बताया कि संगठन के सरकार व विभागीय अधिकारियों के साथ 25 अप्रैल व 17 अगस्त 2020 को हुए समझौते के अनुसार कोविड-19 से मृत्यु होने के बाद कर्मचारियों को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने, परिवार के सदस्य को नौकरी एवं सफाई कर्मचारियों सहित जोखिम पूर्ण कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रतिमाह चार हजार रुपये जोखिम भत्ता देने, तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों एवं फायर के कर्मचारियों को वर्दी एवं धुलाई भत्ता देने पर सहमति बनी थी, लेकिन सरकार ने इन मांगों को पूरा नहीं किया।
विज्ञापन

धरने पर बैठे कर्मचारियों ने बताया कि कौशल रोजगार निगम कर्मचारियों के हित में नहीं है। कच्चे कर्मचारियों को निगम में आने के बाद कभी भी समान काम समान वेतन नहीं मिलेगा। न ही कर्मचारी नियमित होंगे। जिस कारण बड़े स्तर पर कर्मचारी के शोषण की तैयारी हो चुकी है। सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर नगरपालिका कर्मचारी संघ के सदस्य धरना-प्रदर्शन कर सरकार को उनके द्वारा किए गए वादों को याद दिलाते रहते है। इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राममेहर शर्मा, फायर कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान संदीप तूर, जिला सचिव अमित दहिया, राजाभाई, विजय, अजीत, नितिन, सुमित, यशेंद्र, करतार, रामफूल सिंह, कालीचरण, कमलेश आदि मौजूद रहे।
---
खरखौदा नपा कार्यालय के गेट पर दिया कर्मियों ने धरना
फोटो 21: खरखौदा नगरपालिका कार्यालय के गेट पर हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारी।
खरखौदा। नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को दूसरे दिन भी हड़ताल रखी। उनका कहना है कि लंबे समय से वह सफाई करते आ रहे हैं, उनकी ओर से लगातार मांग की जा रही है कि उन्हें पक्का किया जाए, लेकिन अब सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के अधीन करते हुए काम कराने का निर्णय लिया है, लेकिन वह इस योजना के लाभान्वित नहीं बनना चाहते हैं। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें सरकार पक्का कर्मचारी बनाएं। इस दौरान प्रधान बिजेंद्र, मनवीर, कृष्ण, कांता, सीमा, सुमन, बाला आदि मौजूद रहे। वहीं कर्मियों की हड़ताल की वजह से शहर के कच्चे क्वार्टर मार्केट, गीता भवन मार्केट, गोहाना रोड मार्केट, बस स्टैंड के पास, कपड़ा मार्केट, रोहतक रोड़, सब्जी मंडी क्षेत्र आदि स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे थे। लगातार दो दिन की हड़ताल से कर्मियों ने काम नहीं किया। जिसका असर बाजारों पर दिखाई दिया। अब बुधवार को एक साथ दो दिन का कचरा उठाने में भी दिक्कत आएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें