सिरसा। आम आदमी पार्टी हरियाणा की पश्चिमी जोन की बैठक आयोजित हुई। इसमें चार जिलों के 20 विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में 31 जुलाई को कार्यकर्ताओं ने बिजली के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
वीरवार को बैठक की अध्यक्षता जोन अध्यक्ष लक्ष्य गर्ग ने की, जबकि संगठन मंत्री विक्रांत गोयत ने संगठन के बारे में रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसका संचालन जोन के सचिव सचिन जैन ने किया, जबकि जोन प्रवक्ता कृष्ण वर्मा ने वर्तमान गतिविधियों व राजनीतिक हालातों आदि विषयों पर अपने विचार रखे।
जोन अध्यक्ष लक्ष्य गर्ग ने सभी विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्षों को आह्वान किया कि वे 31 जुलाई शनिवार को 20 विधानसभा क्षेत्र में बिजली के विभिन्न मुद्दों को लेकर पूरी ताकत से प्रदर्शन करें, ताकि उनकी ओर से उठाई गई आवाज सरकार तक पहुंच सके। बैठक में सिरसा जिला के अध्यक्ष विरेंद्र कुमार, हिसार जिलाध्यक्ष संजय बूरा, फतेहाबाद के जिलाध्यक्ष अजय जाजड़ा व जींद जिलाध्यक्ष लाभ सिंह ने अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्र की रिपोर्ट प्रस्तुत की।