सिरसा। शहर के एक निवासी ने अपने बैंक खाते में गलती से आए एक लाख रुपये लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया है।
बेगू रोड स्थित परमार्थ कॉलोनी निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि वह गली में ही बिजली के सामान की दुकान करता है। 9 जुलाई को उसके पंजाब नेशनल बैंक के खाते में गलती से दिल्ली की एक फर्म द्वारा अकाउंट नंबर गलत डाले जाने से खाते में एक लाख रुपये आ गए। हालांकि उसके पास राशि संबंधी कोई मैसेज नहीं आया। तभी से दिल्ली की फर्म के व्यक्ति उसे ढूंढते हुए वीरवार को सिरसा पहुंचे और उसे बताया कि 9 जुलाई को गलती से एक लाख रुपये आपके खाते में आ गए हैं। प्रवीण ने उन लोगों को विश्वास दिलाया कि अगर आपकी राशि आई है तो सुरक्षित वापस मिल जाएगी। उसने तुरंत बैंक में जाकर अपना खाता चैक करवाया तो उसमें 9 जुलाई को एक लाख रुपये की एंट्री थी। उसने एक लाख रुपये की राशि तुरंत फर्म के खाते में आरटीजीस से करवा दी।