सिरसा। दस्तावेज लेकर फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी चोरी करने के मामले में पीड़ित परिवार ने रविवार को अनाज मंडी में स्थित आरोपी की दुकान के आगे टेंट लगाकर धरना दे दिया। धरने लगाने की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया गया और सदर थाना में भेज दिया। जिसके बाद पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद वहां के सदस्यों ने टेंट को भी उखाड़ दिया। सदर थाना पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मामले की जांच जल्द किए जाने का आश्वासन दिया तो प्रदर्शनकारी वापस लौट गए।
रविवार को अनाज मंडी में महेश कुमार मोनिल कुमार फर्म के बाहर गांव वैदवाला के बलदेव सिंह व अन्य ग्रामीणों ने धरना लगा दिया। पीड़ित बलदेव सिंह ने आरोप लगाया कि वे वर्ष 2014 में महेश कुमार की दुकान पर काम मांगने के लिए आए थे। इस पर महेश कुमार ने उनसे बैंक में खाता खुलवाने के नाम पर जरूरी कागजात ले लिए। इसके बाद महेश कुमार बंसल व उसका पुत्र उन्हें अहमदाबाद ले गए तथा वहां पर करीब डेढ़ माह तक रखा। इसके बाद काम में नुकसान बताकर घर वापस जाने व जरूरत पड़ने पर वापस आने की बात कही। इसके बाद वे घर आ गए। बलदेव सिंह ने बताया कि उनके पास कुछ दिन पूर्व जीएसटी विभाग से करीब 1.65 करोड़ रुपये का टैक्स जमा नहीं करवाने का नोटिस आया है। जिस फर्म का नोटिस आया है वह महेश बंसल ने फर्जी तरीके से उनके नाम पर खोल रखी है। पीड़ितों ने बताया कि इस संबंध में वे अनेकों बार पुलिस अधीक्षक से मिल चुके हैं, परंतु अभी तक कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हुआ। इसके चलते वे फर्म के बाहर धरना लगाने को मजबूर हुए हैं। वहीं उन्होंने कहा कि फर्जी फर्म बनाने को लेकर महेश कुमार पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने हटवाया धरना
फर्जी फर्मों के मामले में वैदवाला के ग्रामीणों ने अनाज मंडी में दुकान के बाहर पहुंच टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया। धरने की सूचना पाकर शहर थाना प्रभारी बनवारी लाल पुलिस टीम के साथ पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को मनाने में जुटे, लेकिन प्रदर्शनकारी कार्रवाई पर अड़े रहे। इसी बीच संबंधित फर्म के जानकार मौके पर पहुंचे और धरना उठवाने लगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच वार्ता का सिलसिला जारी रहा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसी दौरान फर्म मालिक के जानकारों ने स्थिति का फायदा उठाते हुए टेंट उखाड़कर सड़क पर फेंक दिया।
फर्म संचालकों ने आरोपों को बताया निराधार
अनाज मंडी की फर्म महेश कुमार मोनिल कुमार के अधिवक्ता पुरुषोत्तम फुटेला ने बताया कि जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं वे निराधार है। उन्होंने कहा कि धरना लगाने वाले खुद के नाम पर फर्म बनाकर मामले को तूल दे रहे हैं। किसी के मौलिक अधिकारों पर प्रहार करना गलत है। शहर थाना प्रभारी बनवारी लाल ने कहा कि उन्हें अनाज मंडी में धरने की सूचना मिली थी। जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को धरना समाप्त करने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सदर थाना की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जिसके चलते प्रदर्शनकारियों को वहां से भेज धरना समाप्त करवा दिया।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपी थी, जिसकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस से वार्ता के बाद धरना समाप्त कर दिया गया है।
- ईश्वर सिंह, सदर थाना प्रभारी, सिरसा
सिरसा अनाज मंडी में फर्जी फर्म मामले में पीड़ित बलदेव को धरना स्थल से उठाते पुलिस कर्मचारी।- फोटो : Sirsa