पहले ही दिन व्यवस्था बेपटरी, न पीडीएफ अपलोड हुई, न ही कॉपी जमा की
सिरसा। चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी की ओर से शुरू की गई स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं की ऑनलाइन परीक्षा के पहले ही दिन व्यवस्था बेपटरी हो गई। जहां एक ओर परीक्षा के बाद विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ फाइल अपलोड होने से पहले ही साइट पर आप्शन बंद हो गया वहीं दूसरी ओर नोडल ऑफिसर ने उत्तर पुस्तिका जमा करने से भी इंकार कर दिया। विद्यार्थी एकत्र होकर सीडीएलयू पहुंचे, लेकिन वहां से भी अधिकारियों ने उन्हें लौटा दिया।
सीडीएलयू की ओर से बुधवार से स्नातक स्तरीय और स्नातकोत्तर स्तरीय कक्षाओं की ऑनलाइन परीक्षा शुरू की गई। कॉलेजों के विद्यार्थियों की परीक्षा हुई, लेकिन पहले ही दिन व्यवस्था में खामियां सामने आई। इस कारण परीक्षार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पहले दिन 357 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा, 45 विद्यार्थी पहुंचे सीडीएलयू
ऑनलाइन परीक्षा के पहले दिन 357 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, लेकिन अधिकत्तर विद्यार्थी अपनी उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ को परीक्षा पोर्टल पर अपलोड नहीं कर पाए। फेल होने के डर से विद्यार्थी उत्तर पुस्तिका लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे गए। विद्यार्थियों ने एग्जाम कंट्रोलर को अपनी समस्या बताई तो उन्होंने कहा विद्यार्थियों पर ही खामियों का ठीकरा फोड़ दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ने ही जल्द बाजी में पीडीएफ सबमिट से पहले ही विकल्प को ओके कर दिया होगा। बुधवार को ऑनलाइन परीक्षा को लेकर 45 विद्यार्थी विश्वविद्यालय पहुंचे। इन सभी की एक ही समस्या थी की परीक्षा के बाद पीडीएफ अपलोड होने से पहले ही उसे सबमिट या चेतावनी का संदेश दिखाया जा रहा है। वहीं कुछ विद्यार्थी परीक्षा में लॉगइन करने के लिए जारी आईडी व पासवर्ड को अमान्य बताया जिससे विद्यार्थी परीक्षा नहीं दे पाए। बुधवार को सुबह की पहली शिफ्ट में 164 विद्यार्थियों ने परीक्षा देनी थी, जिसमें से 147 परीक्षार्थी ही बैठे। जबकि सांय कालीन सत्र में कुल 224 विद्यार्थियों में से 210 परीक्षार्थियों ने ऑनलाइन मोड के माध्यम से परीक्षाएं दी।
उत्तर पुस्तिका जमा करवाने के लिए विद्यार्थी काटते रहे चक्कर
ऑनलाइन परीक्षा में पीडीएफ जमा न होने पर विद्यार्थी परीक्षा नियंत्रक राज कुमार सलार के पास विश्वविद्यालय पहुंचे तो उन्होंने कॉलेज ऑनलाइन परीक्षा नोडल को उत्तर पुस्तिका जमा करवाने को कहा। विद्यार्थी जब उत्तर पुस्तिका लेकर कॉलेज पहुंचे तो कॉलेज के नोडल ऑफिसर ने भी उत्तर पुस्तिका यह कहकर लेने से मना कर दिया कि हमे अभी विश्वविद्यालय से कोई संदेश प्राप्त नहीं हुआ है, हम उत्तर पुस्तिका जमा नहीं कर सकते। परेशान विद्यार्थी उत्तर पुस्तिका को जमा करवाए बिना ही घर वापिस लौट गए।
नहीं जारी हुए ऑनलाइन परीक्षाओं के रोल नंबर
स्नातक व स्नातकोत्तर की ऑनलाइन परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थियों ने पहले ऑफलाइन माध्यम से कॉलेज स्तर पर फार्म जमा करवाए थे। बाद में विश्वविद्यालय द्वारा गूगल फार्म के माध्यम से आवेदन लिया गए। ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने ऑनलाइन परीक्षा के लिए गूगल फार्म नहीं भर उनका रोल नंबर ऑनलाइन परीक्षा के लिए जारी नहीं हुआ।
वर्जन
विद्यार्थी द्वारा परीक्षा के दौरान गलत विकल्प का चयन कर रहे हैं जिससे पीडीएफ अपलोड होने से पहले ही उसे अपडेट दिखा रहा है। ऑनलाइन परीक्षा के लिए विद्यार्थियों की मैपिंग की गई है। परीक्षा होने पर ही विद्यार्थी पोर्टल में लॉगइन कर पाएगा।
-राजकुमार सलार, परीक्षा नियंत्रक, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा।