सिरसा। सीआईए कालांवाली पुलिस टीम ने 6 ग्राम 60 मिलीग्राम हेरोइन के साथ स्कूटी सवार युवक को काबू किया है। आरोपी की पहचान खुशदीप उर्फ दीप निवासी गांव शेरगढ़ जिला सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक के खिलाफ मादक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईए कालांवाली प्रभारी उप निरीक्षक राजपाल ने बताया कि पुलिस टीम एएसआई राजेन्द्र के नेतृत्व में गश्त पर थी। डबवाली की तरफ से एक स्कूटी सवार युवक आ रहा था। स्कूटी सवार युवक को शक के आधार पर रुकवाया और उसकी तलाशी ली। युवक की जैकेट में एक पॉलिथीन में 6 ग्राम 60 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी व सप्लायर के खिलाफ थाना शहर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पता लगाया जाएगा।