सिरसा। जिले में बादलवाई के चलते दिन और रात के तापमान में एक डिग्री का अंतर देखने को मिला। तापमान में ज्यादा अंतर नहीं होने के कारण दिन के समय ठंडक व शीतलहर का प्रकोप देखने को मिला। मंगलवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। जिससे रात व दिन के समय में एक डिग्री का तापमान में अंतर दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 11 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया था।
-
कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए बरतें सावधानी
उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने कहा कि कुछ दिनों से जिले में शीतलहर व कड़ाके की ठंड पड़ रही है और मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों मे ठंड बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी बरतकर ठंड से बच सकते हैं। इसको लेकर सरकार की ओर से जारी हिदायत के अनुसार नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सर्दियों लिए पर्याप्त कपड़ों का स्टॉक करें। घर में ठंडी हवा के प्रवेश रोकने के लिए दरवाजों तथा खिड़कियों को ठीक से बंद रखें। फ्लू, नॉक बहना/भरी नाक या नाक बंद जैसी विभिन्न बीमारियों की संभावना आमतौर पर ठंड में लंबे समय तक संपर्क में रहने के कारण होती है। इस तरह के लक्षणों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतें तथा स्थानीय स्वास्थ्य कर्मियों या डॉक्टर से परामर्श करें। जितना हो सके घर के अंदर रहें और ठंडी हवा, बारिश के संपर्क में आने से बचने के लिए कम से कम यात्रा करें। ऐसे गर्म कपड़े पहनें ताकि ठंड से बचाव हो सके। तंग कपडे खून के बहाव को रोकते हैं, इनसे बचें। खुद को सूखा रखें और पानी में भीगने से बचें। शरीर की गरमाहट बनाए रखने के लिए अपने सिर, गर्दन, हाथ और पैर की उंगलियों को पर्याप्त रूप से ढककर रखें। गीले कपड़े तुरंत बदलें। हाथों में दस्ताने रखें। फेफड़ों को बचाने के लिए मास्क का प्रयोग करें। सिर पर टोपी या मफलर पहने, स्वास्थ्य वर्धक भोजन लें।
जरूरत के अनुसार हीटर का प्रयोग करें
उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पर्याप्त रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के लिए विटामिन-सी से भरपूर फल और सब्जियां खाएं। गर्म तरल पदार्थ नियमित रूप से पीएं, इससे ठंड से लड़ने के लिए शरीर की गर्मी बनी रहेगी। जरूरत के अनुसार ही रूम हीटर का प्रयोग करें। लेकिन रूम हीटर के प्रयोग के दौरान पर्याप्त हवा निकासी का प्रबंध रखें। बंद कमरों में कोयले को जलाना खतरनाक हो सकता है। क्योंकि यह कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी जहरीली गैस पैदा करती है। शराब का सेवन न करें, यह शरीर की गर्माहट को कम करता है, यह नसों मेंं खून को पतला कर देता है, विशेषकर हाथों से जिसमें हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ जाता है।