ओढां। गांव चोरमार के दशमेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रविवार रात तीन युवकों ने चौकीदारों को बंधक बना लिया। इसके बाद करीब ढाई घंटे तक उन्होंने स्कूल में तलाशी ली। इसके बाद जाते हुए वे स्कूल से एक एलईडी व एक सीपीयू चोरी कर ले गए। उनकी उक्त वारदात कैमरे में कैद हो गई। इस संबंध में पुलिस ने स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मध्यरात्रि को स्कूल में 5 युवक खेतों की ओर से दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। उन्होंने स्कूल में मौजूद दोनों चौकीदारों से फोन छीनते हुए उनके हाथ बांध दिए। जिसके बाद 2 युवक चौकीदारों के पास बैठे रहे जबकि तीसरा स्कूल के कार्यालय में दाखिल हो गया। फुटेज में सामने आया कि युवक चोरी करने की बजाय स्कूल के रिकॉर्ड में कुछ तलाशते नजर आए। करीब ढाई घंटे तक वे स्कूल के दस्तावेजों जांचते रहे। इसके बाद जाते-जाते स्कूल से एक एलईडी व कंप्यूटर का सीपीयू चोरी कर ले गए। युवकों के जाने के बाद दोनों चौकीदारों ने जैसे-तैसे कर अपने हाथ खोले और गुरुद्वारे में इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद ओढां पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने काफी देर तक स्कूल के साथ लगते खेतों में युवकों की तलाश की, लेकिन वे भागने में सफल रहे। सूचना के बाद फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंची।
स्कूल में 2 चौकीदार थे जिन्हें बंधक बना लिया गया। इस घटना से हम खुद हैरान हैं कि आखिर चोरों को स्कूल के रिकॉर्ड से क्या चाहिए था। स्कूल में इससे पहले कभी चोरी जैसी घटना नहीं हुई। चोर स्कूल से सीपीयू व एलईडी ले गए हैं। सीसीटीवी में युवक दिखाई दे रहे हैं। हमने सीसीटीवी का पूरा डेटा पुलिस को सौंप दिया है।
-- जसविंद्र सिंह, स्कूल प्राचार्य ।
सूचना के बाद पुलिस चंद मिनटों में मौके पर पहुंच गई थी। सीसीटीवी फुटेज में 5 युवक दिखाई दिए हैं। चोर स्कूल से एक एलईडी व सीपीयू ले गए। फुटेज में चोर रिकॉर्ड से कुछ तलाशते नजर आए हैं। जिससे ये जाहिर होता है कि युवकों का मकसद चोरी नहीं कुछ और था। इस मामले को सुलझाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
-काशीराम बैनीवाल, थाना प्रभारी, ओढां।