सिरसा। मोबाइल नंबर को आधार कार्ड से लिंक कराने के लिए अब लोगों को आधार सेंटर या फिर बैंकों में लाइनों में लगने की जरूरत नहीं है। डाक विभाग द्वारा चाइल्ड एनरोलमेंट लाइट क्लाइंट नामक योजना शुरू की गई है। जिसके तहत लोग डाकघरों में आकर या घर बैठे मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी आधार से लिंक करा सकते है। वहीं ऑनलाइन आवेदन करने के बाद डाकिया घर पर जाकर भी आवेदन करने वाले का नंबर आधार से लिंक करेगा। जिसकी तैयारी विभाग द्वारा की जा रही है। अगले एक माह तक जिले के सभी डाक घरों में उपभोक्ता इस योजना का लाभ ले सकते हैं।
डाक विभाग की इस योजना से उपभोक्ताओं को काफी फायदा होगा। वे घर बैठे लोग इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता को 50 रुपये शुल्क देना होगा। जिले में डाकघर की 162 शाखाएं है जिसके लगभग 1000 डाकपालों को प्रशिक्षण दिया जा रहा। डाक विभाग के इस फैसले से लोगों को लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। लाभार्थी विभाग की पोस्ट इंफो मोबाइल एप व डाक विभाग के पोर्टल डियापोस्ट डॉट जीओवी डॉट इन पर जाकर अपनी रिक्वेस्ट डाल सकता है। रिक्वेस्ट डलने के 24 घंटे के अंदर ही डाकिया लाभार्थी के घर जाकर आधार कार्ड में नंबर अपडेट कर आएगा। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर भी जल्द जारी किया जाएगा।
देना होगा अतिरिक्त चार्ज
जिले के 1000 डाकपालों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिसमें डाकपालों को प्रशिक्षित किया जा रहा है कि कैसे लोगों के घरों में जाकर डाकिये आधार कार्ड में ई-मेल आईडी व मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता को 20 रुपये अतिरिक्त चार्ज देना होगा।
चाइल्ड एनरोलमेंट लाइट क्लाइंट के माध्यम से पोस्टमैन मोबाइल के माध्यम से ही किसी भी आधार कार्ड में मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी अपडेट करवा सकते हैं। जिसके लिए सभी डाकियों को विभाग द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस सुविधा के लिए उपभोक्ता को विभाग की एप या विभाग के पोर्टल पर आवेदन करना होगा।
-नवीन शर्मा, डाकपाल सिरसा।