फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नागरिक अस्पताल में ओपीडी शुरू पर इलाज के बिना लौटे कई मरीज

विज्ञापन
पर्ची बनवाने के लिए लाइन में खड़े लोग। - फोटो : Sirsa
विज्ञापन
नागरिक अस्पताल में लॉकडाउन खत्म होने के बाद पहली बार सोमवार को ओपीडी शुरू हुई। पहले दिन ही सर्वर में तकनीकी खराबी आने के बाद ओपीडी की पर्ची कटवाने के लिए मरीजों को चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इंतजार इतना लंबा था कि लोग फर्श पर बैठकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करते दिखे। पर्ची नहीं कट पाने पर 50 से ज्यादा मरीज घरों को लौट गए।
विज्ञापन

सोमवार को सिविल अस्पताल में पहले दिन ओपीडी शुरू हुई। ओपीडी में पर्ची कटवाने के लिए सुबह आठ बजे ही मरीज लाइन में लग गए लेकिन ओपीडी पर्ची के लिए लोगों को करीब चार घंटे इंतजार करना पड़ा। बिजली के बार-बार कट लगते रहे। साथ ही पर्ची काटने वाले सर्वर में तकनीकी खराबी आ गई। बिजली आने के बाद भी सर्वर नहीं चला। 12 बजे के बाद मैन्युअल पर्ची काटने का काम शुरू किया गया। मैन्युअली 30 पर्ची ही काटी गई। इसके बाद सर्वर ठीक हुआ। करीब 220 लोगों को ऑनलाइन रसीद दी गई। कुल 250 लोगों को ओपीडी पर्ची दी गई। ओपीडी की पर्ची दो बजे तक मिलती है। ऐसे में 50 से ज्यादा मरीज पहले दिन बिना इलाज करवाए ही घर लौट गए। हालांकि जिन लोगों को ओपीडी की पर्ची मिली, उन्हें भी घंटों लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ा।
तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा पर्ची के लिए
खैरपुर से आई सुखविंद्र कौर ने बताया कि वह अपनी गर्भवती बेटी की दवाई लेने के लिए सुबह दस बजे से लाइन में लगी है लेकिन एक घंटे बाद भी नंबर नहीं आया। नेजाडेला की कृष्णा देवी ने बताया कि सुबह नौ बजे से लाइन में है। कंप्यूटर से पर्ची नहीं मिल रही। लाइट भी बार-बार जा रही है। वहीं नाथूसरी चोपटा से भाल सिंह अपनी बहू को लेकर दवाई लेने के लिए आया था। नौ बजे से पर्ची कटवाने के लिए इंतजार कर रहा था लेकिन ढाई घंटे बाद भी पर्ची नहीं मिली। चौपटा से बिल्लू की भी यही स्थिति थी। बिमला देवी ने कहा कि डाक्टर ने दवाई लिखी है, इसलिए कार्ड पर मोहर लगवानी थी लेकिन नंबर ही नहीं आ रहा।
विज्ञापन

गांव बेगू के दीप सिंह ने बताया कि बेटी की एलर्जी की दवाई लेने के लिए आया है। दो घंटे से लाइन में लगा हुआ है लेकिन ओपीडी स्लिप नहीं मिली। रानियां से आए बुजुर्ग भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अपनी माता की दवाई लेने के लिए आया है। लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। बाजेकां से दीदार सिंह ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यु करवाने के लिए आंखों का चेकअप करवाने आए हैं क्योंकि चेकअप की रिपोर्ट लाइसेंस रिन्यु करवाने के आवेदन के साथ जमा करवानी होगी। सुबह आठ बजे से लाइन में लगे हैं। लाइन में तीसरा नंबर है। 12 बजे के बाद नंबर आया।
सामाजिक दूरी के लिए पुलिस तैनात, पर नियमों का पालन नहीं
पहले दिन ही सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करवाने और अस्पताल में व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो महिला पुलिस कांस्टेबल तथा एक पुरुष कांस्टेबल को नियुक्त किया गया। वे पूरे दिन लोगों को लाइन में रहने और सामाजिक दूरी बनाए रखने का अनुरोध करते रहे लेकिन लोगों ने सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं किया।
कोट्स
जनता अस्पताल से ओपीडी सामान्य अस्पताल में शिफ्ट हो गई है। सभी प्रकार की सर्जरी और आपरेशन किए जाएंगे। साथ ही सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण लोगों को इंतजार करना पड़ा। बिजली के कट के कारण लोगों को दिक्कतें आईं। सामाजिक दूरी के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
विज्ञापन

- सुरेंद्र नैन, सीएमओ, सिरसा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें