सिरसा। अनाज मंडी भुर्टवाला के निकट दो कारों की हुई आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दूसरी गाड़ी सवार लोगों को भी चोटें आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर शव को अस्पताल में पहुंचाया।
पुलिस को दिए बयान में जगत सिंह निवासी चिलकनी ढाब ने बताया कि वह कालांवाली में बतौर फार्मासिस्ट नियुक्त है। छुट्टी होने के कारण वह गांव पोहड़का में मेडिकल पर काम से आया था। उसका चाचा श्रवण कुमार, जोकि ऐलनाबाद में नोहर रोड पर होटल चलाता है। शाम को वह उसे पोहड़का बस स्टैंड पर मिला और मुझे साथ लेकर गांव के लिए चल दिया। गांव भुर्टवाला के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों की मदद से उसने अपने चाचा श्रवण को गाड़ी से निकाला और अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया। सुबह पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।