सिरसा। स्नातक कक्षाओं में दाखिले को लेकर मंगलवार को अंतिम फिजिकल काउंसिलिंग हुई। इसमें नेशनल कॉलेज में करीब 104 विद्यार्थियों ने व राजकीय महिला महाविद्यालय में 9 छात्राओं ने आवेदन किया है। जिनकी मेरिट सूची अब जारी कर दी गई है।
स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए चली दो दिन फिजिकल काउंसिलिंग में विद्यार्थियों को प्रवेश का अंतिम मौका दिया गया। मंगलवार शाम को ही कॉलेज ने विद्यार्थियों की मेरिट सूची जारी की। मेरिट सूची में आए विद्यार्थियों को बुधवार को फीस भरने के लिंक प्राप्त होंगे। जिसके बाद यह विद्यार्थी बुधवार रात 12 बजे तक फीस का भुगतान कर सकेंगे। स्नातक की दो ऑनलाइन व चार फिजिकल काउंसिलिंग होने के बाद भी 336 सीटें व महिला महाविद्यालय की 114 सीटें रिक्त रही हैं।
बता दें कि नेशनल कॉलेज की बीए की 19 सीटों पर 15, बीकॉम की 48 सीटों पर 3 , बीएससी मेडिकल की 106 सीटों पर 3, बीएससी नॉन मेडिकल की 155 सीटों पर 10, बीए इवनिंग की 98 सीटों पर 62 व बीकॉम अर्थशास्त्र ऑनर्स की 14 सीटों पर 11 विद्यार्थियों की मेरिट सूची जारी की है। वहीं राजकीय महिला महाविद्यालय की बीए की 4 सीटों पर 4 , बीकॉम की 19 सीटों पर 3, बीएससी मेडिकल की 43 सीटों पर 1 व बीएससी नॉन मेडिकल की 57 सीटों पर 1 छात्र की मेरिट सूची जारी की गई है।
स्नातक कक्षाओं की मेरिट सूची जारी कर दी गई है। बुधवार को विद्यार्थियों के पास फीस भुगतान के लिए ऑनलाइन लिंक मिलेंगे।
-डॉ. विवेक गोयल, एडमिशन नोडल, नेशनल कॉलेज सिरसा।
आईटीआई की नहीं जारी हुई सूची
वहीं आईटीआई में दाखिले को लेकर बीते सोमवार को सूची जारी होनी थी। लेकिन पोर्टल में खामियों के चलते सूची मंगलवार तक भी जारी ना हो सकी। विद्यार्थी सूूची की जानकारी लेने के लिए आईटीआई में फोन कर सूचना प्राप्त कर रहे है। वहीं विभाग द्वारा सूची जारी करने को लेकर स्पष्ट संदेश ना होने के चलते विद्यार्थी परेशान हो रहे हैं।