ऐलनाबाद (सिरसा)। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक ने बताया कि ऐलनाबाद उपचुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की सोमवार को एसडीएम कार्यालय में जांच व छंटनी का कार्य किया गया। नोमिनेशन फीस जमा न करवाने, प्रस्तावक पूरे न होने के कारण छंटनी में दो उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों को रद्द कर दिया गया। जबकि एक प्रत्याशी को कवरिंग उम्मीदवार होने पर उनका नामांकन पत्र रद्द किया गया। जिन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द किए गए हैं। उनमें इनेलो के कवरिंग प्रत्याशी कर्ण सिंह चौटाला, निर्दलीय उम्मीदवार रोहताश व विक्रम शामिल हैं। छंटनी में 21 उम्मीदवारों के 23 नामांकन पत्र सही पाए गए। एसडीएम ने बताया कि छंटनी प्रक्रिया उम्मीदवारों एवं उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न की गई। उन्होंने बताया कि 13 अक्तूबर को दोपहर बाद 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र वापिस ले सकेंगे और इसी दिन बाकी बचे उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह अलॉट किए जाएंगे।