सिरसा। आंगनबाड़ी में नौकरी लगवाने के नाम पर गांव अली मोहम्मद निवासी एक महिला के साथ 8.5 लाख रुपये की ठगी के आरोप में चोपटा थाना पुलिस ने गृह मंत्री अनिल विज के आदेशों पर दो लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जिन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है, उनमें भरत सिंह निवासी चाडीवाल व सुमन दय्यड़ जिला फतेहाबाद शामिल है।
पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने गांव अली मोहम्मद निवासी सावित्री ने बताया कि मेरे दो बच्चे हैं और पति बीमार रहता है। उसके पास अपनी 3 किले जमीन है। महिला ने बताया कि भरत सिंह से उसकी मुलाकात वर्ष 2019 में हुई, जिसने हमारे गांव में हमारी जमीन के साथ लगती जमीन ठेके पर ली हुई है। पति के बीमार होने के भरत उसे कई बार दवा दिलाने के लिए अस्पताल भी ले जाता था और उसके घरेलू कार्य भी कर देता था। जिससे उसका भरत सिंह पर काफी विश्वास था। महिला ने बताया कि वर्ष 2020 में भरत सिंह ने कहा कि उसकी आंगनबाड़ी विभाग में काफी अच्छी जानकारी है और तुम्हें वहां लगवा दूंगा। इसकी एवज में मुझे 8.50 लाख रुपये देने होंगे। इसी विश्वास के चलते मैंने अपने खेत की आमदनी व घरेलू कार्य करके कुछ रकम घर बनाने के लिए जोड़ रखी थी और अपने गहने गिरवी रखकर एचडीएफसी बैंक से 1,95,723 लाख रुपये का लोन लिया था वह मैंने उस पर विश्वास कर अगस्त 2020 में 8.50 लाख रुपये भरत सिंह पर विश्वास कर अपने गांव के रहने वाले रमेश कुमार के सामने दे दिए।
इसके बाद 20 सितंबर 2021 को भरत सिंह ने घर आकर मुझे एक ज्वाइनिंग पत्र दे गया। जब उस पत्र को लेकर वह आंगनबाड़ी विभाग से संबंधित अधिकारी के पास गई तो उसने मुझे बताया कि आपके साथ धोखा हुआ है, यह पत्र नकली है। इस पर उन्होंने तुरंत भरत सिंह के नंबर पर फोन किया तो वह टाल-मटोल करने लगा। वह मुझसे कहता रहा कि तू चिंता मत कर, तुझे नौकरी लगवा दूंगा। भरत सिंह की भाभी सुमन, जोकि आंगनबाड़ी में कार्यकर्ता हैं। भरत सिंह ने मुझे सुमन से सिरसा न्यायालय में मिलवाया था और दोनों ने मुझसे कहा कि हमारी सेटिंग ऊपर हो गई है, हम तुम्हें जल्द ही इस नौकरी पर ज्वाइन करवा देंगे। महिला का आरोप है कि भरत सिंह ने मेरा फोन नंबर हैक करके मेरे खाते से भी कई बार रकम निकाली है। 16 अक्टूबर 2020 को एचडीएफसी बैंक अकाउंट जो भरत सिंह चला रहा है, से मेरे फोन नंबर पर ईमेल आई, जिसमें भरत सिंह ने कहा कि मैंने तुम्हारी धन राशि 9,75,000 रुपये तुम्हारे एचडीएफसी बैंक खाते में जमा करा दी है। जबकि इस बैंक में मेरा कोई खाता नहीं है। उसने चोपटा थाने में इस संबंधी शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को शिकायत दी। जिस पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने तुरंत मामला दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएसपी द्वारा मामले की जांच की जारी थी। जांच के बाद मामला सही पाया गया है। जिसके बाद धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
सत्यवान, थाना प्रभारी, चोपटा