विजिलेंस टीम की गिरफ्त में मुंह ढांप खड़ा आरोपी डॉक्टर।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। विजिलेंस टीम ने शहर के एचएसवीपी के सेक्टर-20 स्थित अर्बन पीएचसी से पीएचसी प्रभारी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। डॉक्टर पर आरोप है कि उसने बिना टीकाकरण के ही वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट देने का वादा किया था।
विदेश जाने के लिए बिना वैक्सीन लगाए ही वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट देने की एवज में दस हजार रुपये रिश्वत मांगने की शिकायत पर विजिलेंस ने वीरवार को पीएचसी में जाकर छापा मारा और मौके से डॉक्टर को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी डॉक्टर की पहचान अर्बन पीएचसी के प्रभारी डॉ. इंद्रजीत सिंह के रूप में हुई है। आरोपी चिकित्सक के खिलाफ सिरसा के खैरपुर क्षेत्र निवासी निखिल ने विजिलेंस में शिकायत दी थी। शिकायत मिलने पर विजिलेंस टीम सिरसा ने इंस्पेक्टर अनिल सोढ़ी के नेतृत्व में मौके पर दबिश देकर चिकित्सक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया।
कनाडा जाने के लिए चाहिए था सर्टिफिकेट
निखिल को अगले माह कनाडा जाना है, जिसके लिए टीकाकरण करना अनिवार्य है। इसके लिए वह सेक्टर-20 स्थित अर्बन पीएचसी में बीते शुक्रवार को वैक्सीन लगवाने पहुंचा। आरोप है कि उस समय डॉ. इंद्रजीत ने वैक्सीन खत्म होने की बात कही और साथ ही वैक्सीन के बुरे प्रभावों के बारे में बताने लगा। डॉक्टर द्वारा उससे वैक्सीन न लगाकर सीधा सर्टिफिकेट देने की बात कही। डॉक्टर ने दो सर्टिफिकेट देने के दस हजार रुपये मांगे। युवक के मुताबिक उसने कुछ रुपये कम करने को कहा तो चिकित्सक ने उससे कहा कि रुपये ऊपर तक देने होते हैं। इसके बाद उसने इस मामले की सूचना विजिलेंस को दी। ड्यूटी मजिस्ट्रेट जिला कल्याण अधिकारी सुशील शर्मा की मौजूदगी में आरोपी चिकित्सक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
वैक्सीन लगाए बिना सर्टिफिकेट जारी करने को लेकर शिकायत आई थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को रुपयों के साथ काबू कर लिया गया है। आरोपी चिकित्सक के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
- अनिल सोढ़ी, इंस्पेक्टर, विजिलेंस।