संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शिक्षा विभाग की ओर से जिलास्तरीय टीएलएम मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन 28 मार्च को किया जाएगा। प्रदर्शनी का आयोजन न्यू सतलुज श्रीराम स्कूल में होगा। इसमें जिलेभर से प्राइमरी शिक्षक अपने मॉडल लेकर पहुचेंगे। जिले में प्रत्येक खंड से 5 उत्कृष्ट मॉडल चुनकर जिलास्तर पर पहुंचेंगे।
जिला शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकों के लिए नई पहल की गई है। इसके तहत जिले में पहली बार जिलास्तरीय प्राइमरी शिक्षकों की टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मटेरियल) की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। कक्षा एक से पांच के विद्यार्थियों की जरूरत और स्थानीय संसाधन की उपलब्धता को देखते हुए शिक्षक टीएलएम बैंक बनाएंगे। इसके चलते जिलास्तर पर टीएलएम मेला लगाया जाएगा।शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि मॉडल बाजार से सामग्री लाकर नहीं बनाएंगे, अपितु घर पर ही उपलब्ध चीजों से बनानी होंगे। शिक्षकों की ओर से विकसित सामग्रियों में से ग्रेड की दक्षताओं को ध्यान में रख टीएलएम का चयन होगा।
प्रत्येक खंड से जिलास्तर पर आएंगे पांच टीएलएम
शिक्षा विभाग की ओर से जिलास्तर से पहले खंडस्तर पर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। इसमें सातों खंडों के सभी राजकीय स्कूलों के प्राइमरी शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान प्रत्येक खंडों से 5 मॉडल चयनित किए गए। अब ये पांच मॉडल जिलास्तर पर प्रदर्शित किए जाएंगे। टीएलएम चयन को लेकर विभाग ने संबंधित बिंदु और उसको लेकर अंक निर्धारित किए हैं। अलग-अलग बिंदु पर अलग-अलग अंक मिलेंगे। शिक्षकों के बनाए टीचिंग-लर्निंग मटेरियल में यह देखा जाएगा कि वह कितना आउटपुट दे रहा है। उसके माध्यम से बच्चे कुछ सीख रहे हैं या नहीं। यह भी देखा जाएगा कि वह अवधारणा से कितना जुड़ा है।
नामांकन बढ़ाने वाले शिक्षक होंगे सम्मानित
जिन शिक्षकों ने राजकीय स्कूलों में प्राइमरी विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने में अपना योगदान दिया है, उन शिक्षकों को शिक्षा विभाग की ओर से सम्मान दिया जाएगा। विभाग की ओर से 2022-23 व 2023-24 तक राजकीय स्कूलों में नामांकन बढ़ाने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभाग ने बीआरपी, एबीआरसी, बीआरपी को नियुक्त किया गया।
शिक्षा विभाग की ओर से पहली बार जिलास्तरीय टीएलएम शिक्षक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तरीय टीएलएम का आयोजन 28 मार्च को न्यू सतलुज श्रीराम स्कूल में होगा। कार्यक्रम में उन प्राइमरी शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने स्कूलों में नामांकन बढ़ाए हैं। - डॉ. कपिल देव, जिला कोऑर्डिनेटर, एफएलएन, सिरसा।