ढाणी काहन सिंह में सोमवार रात को कुछ लोगों ने बिहारी मजदूर की सिर पर रॉड मारकर हत्या कर दी। मंगलवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल से वारदात से जुड़े सबूत एकत्रित किए और शव को अपने कब्जे में लिया। मृतक रमेश कुमार बिहार के जिला हंडिया का रहने वाला था और काफी सालों से ढाणी काहन सिंह में खेत मजदूर के रूप में काम कर रहा था। पुलिस ने मृतक के पुत्र सुबोध का बयान दर्ज करके तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार बिहार के जिला हंडिया निवासी रमेश कुमार कई वर्षों से सिरसा के गांव ढाणी काहन सिंह में किसान रामचंद्र के खेतों में मजदूरी करता था। मंगलवार सुबह रामचंद्र खेत में आया तो रमेश कुमार का खून से सना शव पड़ा हुआ दिखा। उसने शोर मचाया और तुरंत घटना की सूचना सदर पुलिस को दी। थाना प्रभारी राम सिंह पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल के पास से सबूत जुटाने शुरू कर दिए और पड़ोस के खेतों में रहने वाले ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस को मौके पर शराब की बोतल मिली। बाद में पता चला कि रात को रमेश कुमार ने बिहार के ही रहने वाले संतोष कुमार, मनोज व सुशील कुमार के साथ खेत में शराब पी। नशे में उसका तीनों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया और तीनों ने उसके साथ मारपीट करने के बाद सिर में लोहे की रॉड मारी, जिसके प्रहार से रमेश कुमार गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मृतक के पुत्र सुबोध का बयान लेने के बाद संतोष कुमार, मनोज व सुशील कुमार खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। दोपहर को शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करके उसके परिजनों को सौंप दिया गया।